Entertainment News: शानदार एडवांस बुकिंग के दम पर ‘अल्फा’ की बड़ी शुरुआत, क्या आलिया भट्ट तोड़ेंगी ‘गंगूबाई’ का रिकॉर्ड?
रिलीज से पहले 'अल्फा' की एडवांस बुकिंग ने रफ्तार पकड़ ली है। अब नजर इस बात पर है कि क्या आलिया भट्ट अपनी ही फिल्म 'गंगूबाई काठियावाड़ी' की ओपनिंग का रिकॉर्ड पीछे छोड़ पाएंगी।
Entertainment News: बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अल्फा’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल-लीड फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रिलीज से पहले फिल्म की एडवांस बुकिंग में आई तेजी ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की उम्मीदें और बढ़ा दी हैं।
शुरुआती दिनों में एडवांस बुकिंग की रफ्तार सामान्य रही, लेकिन रिलीज से ठीक पहले इसमें बड़ा उछाल देखने को मिला। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, गुरुवार रात तक फिल्म के करीब 70 हजार टिकट एडवांस में बिक चुके थे। इससे लगभग 2.26 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन हुआ, जबकि ब्लॉक बुकिंग को जोड़ने पर यह आंकड़ा करीब 4.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
पहले दिन कितनी हो सकती है कमाई?
ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि ‘अल्फा’ पहले दिन 7 से 9 करोड़ रुपये के बीच कारोबार कर सकती है। यदि फिल्म 9 करोड़ रुपये के करीब पहुंचती है, तो यह आलिया भट्ट के सोलो करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में शामिल हो जाएगी।
क्या टूटेगा ‘गंगूबाई’ का रिकॉर्ड?
आलिया भट्ट ने अपने करियर में कई सफल सोलो फिल्में दी हैं। ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ ने पहले दिन 10.50 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जो अब तक उनकी सबसे बड़ी सोलो ओपनिंग मानी जाती है।
उनकी अन्य फिल्मों की ओपनिंग इस प्रकार रही:
- गंगूबाई काठियावाड़ी – 10.50 करोड़ रुपये
- डियर जिंदगी – 8.75 करोड़ रुपये
- राजी – 7.53 करोड़ रुपये
- जिगरा – 4.55 करोड़ रुपये
- हाईवे – 3.42 करोड़ रुपये
अगर ‘अल्फा’ उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करती है, तो यह ‘गंगूबाई’ के बाद आलिया की दूसरी सबसे बड़ी सोलो ओपनर बन सकती है।
स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल लीड फिल्म
‘अल्फा’ यशराज स्पाई यूनिवर्स की पहली ऐसी फिल्म है, जिसकी कमान पूरी तरह महिला किरदारों के हाथ में है। फिल्म में आलिया भट्ट के साथ शरवरी भी अहम भूमिका निभा रही हैं। यही वजह है कि फिल्म का प्रदर्शन सिर्फ बॉक्स ऑफिस ही नहीं, बल्कि स्पाई यूनिवर्स के भविष्य के लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है।



