MINISTER SWATANTRA DEV SINGH: समाज के निर्माण की आधारशिला हैं शिक्षक : स्वतंत्र देव सिंह
MINISTER SWATANTRA DEV SINGH: Teachers are the cornerstone of building society: Swatantra Dev
MINISTER SWATANTRA DEV SINGH:प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक एवं अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाराणसी से संबोधन के सजीव प्रसारण के साथ हुई। इस दौरान प्रदेश भर में 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई। साथ ही 1.10 करोड़ विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता, मोजा, स्वेटर, बैग एवं स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र ₹1200 की धनराशि हस्तांतरित की गई। इसके अलावा 10 लाख शिक्षक एवं संविदा कर्मियों के सामाजिक सुरक्षा हेतु भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू निष्पादित किया गया तथा राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया।
सजीव प्रसारण के उपरांत प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जनपद के माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षकों को स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए। साथ ही विद्यार्थियों के अभिभावकों को प्रतीकात्मक चेक एवं कस्तूरबा बालिका विद्यालय की प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त छात्राओं को अध्ययन सामग्री किट प्रदान की गई।
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि आज का दिन शिक्षकों के लिए ऐतिहासिक है। यह योजना केवल एक पहल नहीं, बल्कि शिक्षकों के सम्मान और उनके सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण की आधारशिला हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने आगे कहा कि अब शिक्षकों को अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य को लेकर चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सरकार उनकी सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इस योजना के माध्यम से उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनका जीवन और अधिक सुरक्षित एवं सशक्त होगा।
मंत्री ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है और आज देश का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ शिक्षकों के हितों की रक्षा और उनके आर्थिक एवं सामाजिक कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी एवं डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक महेंद्र पाल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



