UP News : जॉर्डन ब्राउन कौन है? भारत-नेपाल बॉर्डर पर बिना दस्तावेज पकड़ा गया अमेरिकी नागरिक, कई एजेंसियां कर रहीं जांच

UP News : भारत-नेपाल के सोनौली बॉर्डर पर बिना वैध दस्तावेज नेपाल में प्रवेश की कोशिश करते अमेरिकी नागरिक जॉर्डन ब्राउन को SSB ने पकड़ा। मामले की जांच जारी है।

UP News : उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले स्थित भारत-नेपाल के सोनौली बॉर्डर पर एक अमेरिकी नागरिक को बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान 36 वर्षीय जॉर्डन ब्राउन (Jordan Brown) के रूप में हुई है, जो स्वयं को अमेरिका के कैलिफोर्निया का निवासी बता रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कई केंद्रीय खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।

हालांकि, अब तक की जांच में अधिकारियों को उसके किसी संदिग्ध या देश-विरोधी संगठन से जुड़े होने के प्रमाण नहीं मिले हैं। एजेंसियां उसके सभी दावों की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही हैं।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, शनिवार को सशस्त्र सीमा बल (SSB) की नियमित गश्त के दौरान सोनौली थाना क्षेत्र के मैनिहवा इलाके में बॉर्डर पिलर संख्या 516 के पास एक विदेशी नागरिक को नेपाल की सीमा पार करने की कोशिश करते हुए रोका गया। जांच के दौरान उसके पास कोई वैध पासपोर्ट, वीजा या अन्य यात्रा दस्तावेज नहीं मिले।

अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान वह वहां से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन SSB के जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में क्या बताया जॉर्डन ब्राउन ने?

पूछताछ के दौरान जॉर्डन ब्राउन ने दावा किया कि वह पहले टूरिस्ट वीजा पर थाईलैंड गया था, जहां उसका पासपोर्ट खो गया। इसके बाद वह समुद्री रास्ते से श्रीलंका पहुंचा और नवंबर 2025 में समुद्री मार्ग से भारत आया। उसने यह भी बताया कि वह कुछ समय से गोवा में रह रहा था और वहां से नेपाल जाने के लिए बेंगलुरु होते हुए सोनौली बॉर्डर पहुंचा।

अधिकारियों के अनुसार, उसके इस पूरे यात्रा विवरण का सत्यापन किया जा रहा है।

ASP ने क्या कहा?

महराजगंज के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) सिद्धार्थ ने बताया कि SSB ने बिना अनुमति नेपाल में प्रवेश की कोशिश करते हुए एक विदेशी नागरिक को पकड़ा है। उसने अपनी पहचान अमेरिकी नागरिक जॉर्डन ब्राउन के रूप में बताई है। उसके पास यात्रा संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले हैं और उसके सभी दावों की जांच की जा रही है।

क्या-क्या सामान हुआ बरामद?

जांच एजेंसियों ने जॉर्डन ब्राउन के पास से कई वस्तुएं बरामद की हैं। इनमें – ₹31,460 नकद, दो मोबाइल फोन, नेपाली मुद्रा, धार्मिक पुस्तकें, AI ट्रांसलेटर डिवाइस, एक चीनी पासपोर्ट, डायरी, कलाई घड़ी, अन्य निजी सामान। बरामद सभी वस्तुओं की फोरेंसिक और तकनीकी जांच की जा रही है।

किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला?

बिना वैध दस्तावेजों के भारत में प्रवेश और नेपाल जाने की कोशिश के आरोप में सोनौली थाने में **इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट की धारा 21 और 23 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल केंद्रीय एजेंसियां उसकी पहचान, यात्रा इतिहास और भारत आने की परिस्थितियों की गहन जांच कर रही हैं।

अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला केवल दस्तावेजों की कमी तक सीमित है या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी है।

Related Articles

Back to top button