CJP: प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी पर CJP का केंद्र सरकार को अल्टीमेटम, कहा- वादा निभाइए, धोखा स्वीकार नहीं होगा

प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी और हिरासत पर CJP ने केंद्र सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की। पार्टी ने कहा कि वादे के मुताबिक सभी प्रदर्शनकारियों को रिहा किया जाए और दर्ज मामलों को वापस लिया जाए।

CJP: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने विभिन्न राज्यों में प्रदर्शनकारियों की कथित गिरफ्तारी और हिरासत को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने दावा किया है कि असम, पश्चिम बंगाल, बिहार समेत कई राज्यों से छात्र प्रदर्शनकारियों और समर्थकों को हिरासत में लेने की खबरें सामने आ रही हैं। इन घटनाओं पर चिंता जताते हुए CJP ने केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

‘सरकार ने दिया था कार्रवाई नहीं करने का भरोसा’

CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि पार्टी ने अपना राष्ट्रव्यापी आंदोलन सरकार से बातचीत और मिले आश्वासन के बाद स्थगित किया था। उनके अनुसार, सरकार ने भरोसा दिया था कि किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ वर्तमान या भविष्य में दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी, चाहे मामला किसी भी राज्य का क्यों न हो।

पार्टी का कहना है कि यदि इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहती है, तो यह दिए गए आश्वासन के विपरीत होगा।

हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई की मांग

CJP ने कहा कि उसकी कानूनी टीम शुरुआत से ही सक्रिय है और विभिन्न राज्यों के वकीलों के साथ मिलकर हिरासत में लिए गए लोगों की कानूनी सहायता कर रही है। पार्टी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि सभी गिरफ्तार या हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को तत्काल रिहा किया जाए और उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस ली जाए।

साथ ही पार्टी ने यह भी कहा कि सरकार ने 28 जुलाई 2026 तक इस संबंध में लिखित आश्वासन देने का वादा किया था, जिसे समय पर पूरा किया जाना चाहिए।

‘विश्वास तोड़ा गया तो गंभीर परिणाम होंगे’

अपने बयान में CJP ने कहा कि आंदोलन को स्थगित करने का फैसला सरकार पर विश्वास और संवाद की भावना के तहत लिया गया था। यदि सरकार अपने वादे से पीछे हटती है, तो यह केवल पार्टी के साथ नहीं बल्कि उन लाखों युवाओं के भरोसे के साथ भी विश्वासघात होगा जिन्होंने आंदोलन की बजाय बातचीत का रास्ता चुना।

पार्टी ने कहा कि किसी भी सरकार की विश्वसनीयता उसके वादों को निभाने से तय होती है और युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का धोखा स्वीकार नहीं किया जाएगा।

CJP Viral Video: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद 5-स्टार होटल में CJP का जश्न! वायरल VIDEO पर उठे बड़े सवाल

समर्थकों से धैर्य बनाए रखने की अपील

CJP ने अपने समर्थकों और छात्र प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और धैर्य रखने की अपील की है। पार्टी ने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखे हुए है और कानूनी व लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शनकारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रयास जारी रखेगी।

साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई और मामलों की वापसी नहीं होती है, तो पार्टी आगे की रणनीति पर विचार करेगी।

Related Articles

Back to top button