Ramayanam Movies: पुरानी रामायण बेंचमार्क है’… रणबीर कपूर के राम बनने पर अमीषा पटेल का बड़ा बयान
'रामायणम्' के ट्रेलर पर बोलीं अमीषा पटेल- रामानंद सागर की 'रामायण' को मात देना आसान नहीं, रणबीर की कास्टिंग पर भी दिया रिएक्शन
Ramayanam Movies: नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। फिल्म में भगवान राम के किरदार में रणबीर कपूर और माता सीता के रोल में साई पल्लवी नजर आएंगी। ट्रेलर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों कलाकारों की तुलना रामानंद सागर की ऐतिहासिक ‘रामायण’ से की जा रही है। अब इस बहस में अभिनेत्री अमीषा पटेल की भी एंट्री हो गई है।
मुंबई के जुहू स्थित एक डबिंग स्टूडियो के बाहर पपाराजी से बातचीत के दौरान अमीषा पटेल ने ‘रामायणम्’ के ट्रेलर पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि फिल्म का ट्रेलर उन्हें अच्छा लगा और वह चाहती हैं कि यह फिल्म सफल हो, क्योंकि यह भारत की सबसे महत्वपूर्ण पौराणिक कथाओं में से एक पर आधारित है।
अमीषा पटेल ने कहा कि बचपन से लोग रामानंद सागर की ‘रामायण’ देखते हुए बड़े हुए हैं, इसलिए वह आज भी लोगों के दिलों में एक बेंचमार्क बनी हुई है। उनके मुताबिक किसी भी नई प्रस्तुति के लिए उस स्तर तक पहुंचना या उसे पीछे छोड़ना बेहद चुनौतीपूर्ण होगा।
रणबीर कपूर की भगवान राम के रूप में कास्टिंग पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए अमीषा ने कहा कि अभी फिल्म देखना बाकी है। उनका मानना है कि हर कलाकार ने अपने किरदार के लिए मेहनत की होगी, लेकिन अंतिम फैसला फिल्म रिलीज होने के बाद ही किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इतने प्रतिष्ठित और श्रद्धा से जुड़े किरदार निभाना किसी भी अभिनेता के लिए आसान नहीं होता।
अमीषा ने आगे कहा कि पुरानी ‘रामायण’ को मात देना एक बड़ा टास्क है। दर्शकों के मन में रामानंद सागर की प्रस्तुति की गहरी छाप है और उसी वजह से नई फिल्म की तुलना उससे होना स्वाभाविक है।
गौरतलब है कि रामानंद सागर की ‘रामायण’ वर्ष 1987 में प्रसारित हुई थी। इसमें अरुण गोविल ने भगवान राम और दीपिका चिखलिया ने माता सीता का किरदार निभाया था। सीमित तकनीक और कम बजट के बावजूद यह धारावाहिक भारतीय टेलीविजन के इतिहास की सबसे लोकप्रिय प्रस्तुतियों में शामिल है। आज भी इसके कलाकारों को उनके निभाए गए किरदारों के लिए याद किया जाता है। दिलचस्प बात यह है कि नितेश तिवारी की ‘रामायणम्’ में अरुण गोविल इस बार राजा दशरथ की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
फिल्म के ट्रेलर को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। अब सभी की निगाहें फिल्म की रिलीज पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि रणबीर कपूर और पूरी टीम दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतर पाती है।



