National Sports Awards 2025: 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार, पांच को द्रोणाचार्य सम्मान
National Sports Awards 2025: Arjuna Award for 17 athletes, Dronacharya Award for five.
Sports News: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 के लिए चयनित खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संस्थाओं के नामों की घोषणा कर दी। पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे।
इन पुरस्कारों का उद्देश्य खेल जगत में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित करने के साथ खेलों के विकास में योगदान देने वाली संस्थाओं को प्रोत्साहित करना है।
17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार
इस वर्ष विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। इनमें बैडमिंटन से ट्रीसा जॉली और पल्लेला गायत्री गोपीचंद, मुक्केबाजी से नरेंद्र, शतरंज से विदित संतोष गुजराती और दिव्या जितेंद्र देशमुख शामिल हैं।
इसके अलावा बधिर निशानेबाजी में धनुष श्रीकांत, हॉकी में लालरेमसियामी और राजकुमार पाल, कबड्डी में सुरजीत और पूजा, पैरा निशानेबाजी में रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा एथलेटिक्स में एकता भ्याण, रोइंग में अरविंद सिंह और निशानेबाजी में अखिल श्योराण को भी अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है।
अर्जुन पुरस्कार लाइफटाइम
अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) के लिए फुटबॉल के आई. अरुमैनायगम का चयन किया गया है। यह सम्मान उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने सक्रिय खेल करियर के दौरान उल्लेखनीय योगदान देने के साथ बाद में भी खेलों के विकास और प्रोत्साहन में भूमिका निभाई है।
पांच प्रशिक्षकों को मिलेगा द्रोणाचार्य पुरस्कार
खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने वाले प्रशिक्षकों को भी राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों में सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष नियमित श्रेणी में एथलेटिक्स के परवीर सिंह, मुक्केबाजी के छोटे लाल यादव और निशानेबाजी की नेहा नंदकुमार चव्हाण को द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चुना गया है।
वहीं, द्रोणाचार्य पुरस्कार की लाइफटाइम श्रेणी में मुक्केबाजी के धर्मेंद्र सिंह यादव और कुश्ती के वीरेंद्र कुमार को सम्मानित किया जाएगा।
आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार
खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2025 के लिए चुना गया है।
यह पुरस्कार उन संस्थाओं, कॉरपोरेट संगठनों और गैर-सरकारी संगठनों को दिया जाता है, जो देश में खेलों के विकास और प्रोत्साहन के लिए महत्वपूर्ण योगदान करते हैं।
ऑनलाइन आवेदन के बाद हुआ चयन
राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए इस वर्ष ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और संस्थाओं को समर्पित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सीधे आवेदन करने की सुविधा दी गई थी।
प्राप्त आवेदनों पर न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने विचार किया। समिति में प्रतिष्ठित खिलाड़ी, खेल पत्रकारिता से जुड़े विशेषज्ञ और खेल प्रशासक शामिल थे। चयन प्रक्रिया के बाद विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कारों के लिए नामों की घोषणा की गई है।



