Logic Neo X1 Pro: 8000mAh बैटरी और Android 17 के साथ Logic का नया टैबलेट पेश
Logic Neo X1 Pro: 10.95 इंच की 90Hz डिस्प्ले और 8GB रैम से लैस Neo X1 Pro, कीमत और बिक्री की तारीख का खुलासा बाकी।
Logic Neo X1 Pro: टेक्नोलॉजी कंपनी Logic ने भारतीय बाजार में अपना नया टैबलेट Neo X1 Pro पेश किया है। कंपनी ने इसे खासतौर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और शैक्षणिक संस्थानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया है। इस डिवाइस में 10.95 इंच की बड़ी WUXGA IPS स्क्रीन के साथ 90Hz रिफ्रेश रेट दिया गया है। इसके अलावा टैबलेट में 8,000mAh की बैटरी और Android 17 ऑपरेटिंग सिस्टम का सपोर्ट मिलता है।
Neo X1 Pro के लॉन्च के साथ Logic ने टैबलेट सेगमेंट में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। इससे पहले कंपनी इंटरैक्टिव डिस्प्ले और एंटरप्राइज विजुअल सॉल्यूशन जैसे उत्पादों पर काम कर रही थी। अब नए डिवाइस के जरिए कंपनी पर्सनल कंप्यूटिंग बाजार में भी अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
10.95 इंच की स्क्रीन और 90Hz रिफ्रेश रेट
Logic Neo X1 Pro में 10.95 इंच का WUXGA IPS डिस्प्ले दिया गया है। इसका स्क्रीन रेजोल्यूशन 1,920 × 1,200 पिक्सल है। 90Hz रिफ्रेश रेट के कारण स्क्रीन पर स्क्रॉलिंग और अन्य गतिविधियां पहले के मुकाबले अधिक स्मूद अनुभव दे सकती हैं।
लंबे समय तक पढ़ाई या काम के दौरान आंखों पर पड़ने वाले दबाव को कम करने के लिए इसमें लो ब्लू-लाइट ट्रीटमेंट दिया गया है। स्क्रीन पर एंटी-ग्लेयर और एंटी-फिंगरप्रिंट फिनिश भी मिलती है। कंपनी के मुताबिक, डिस्प्ले में एंटीमाइक्रोबियल कोटिंग भी दी गई है।
8000mAh बैटरी और 18W चार्जिंग
टैबलेट में 8,000mAh क्षमता की बैटरी दी गई है। इसे चार्ज करने के लिए 18W चार्जिंग सपोर्ट मिलता है। चार्जिंग और डेटा ट्रांसफर के लिए USB Type-C पोर्ट मौजूद है।
डिवाइस की मोटाई 7.89 मिलीमीटर और वजन 520 ग्राम है। इसका निर्माण एनोडाइज्ड एल्युमिनियम अलॉय और पॉलीकार्बोनेट से किया गया है। यह Space Grey कलर में उपलब्ध होगा। एजुकेशन एडिशन में IP52 रेटिंग भी दी गई है।
प्रोटेक्टिव केस के साथ मिलेगा खास एक्सेसरी
Logic Neo X1 Pro के साथ कंपनी प्रोटेक्टिव केस भी दे रही है। इसमें बिल्ट-इन किकस्टैंड दिया गया है, जिससे टैबलेट को डेस्क पर टिकाकर इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा इसमें मैग्नेटिक मिनी-मिरर भी मिलता है। इसकी मदद से फ्रंट कैमरे के जरिए डेस्क पर रखे हाथ से लिखे नोट्स और अन्य सामग्री को कैप्चर करने में सहूलियत मिल सकती है।
8GB रैम और 1TB तक स्टोरेज बढ़ाने का विकल्प
परफॉर्मेंस के लिए Neo X1 Pro में ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक चिपसेट का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। इसमें 8GB रैम और 128GB इंटरनल स्टोरेज मिलती है। माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से इसकी स्टोरेज क्षमता को 1TB तक बढ़ाया जा सकता है।
यह टैबलेट Android 17 ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है। इसमें Google Mobile Services यानी GMS का सपोर्ट भी दिया गया है। हालांकि, कंपनी ने प्रोसेसर के मॉडल और अन्य विस्तृत परफॉर्मेंस आंकड़ों की जानकारी फिलहाल साझा नहीं की है।
13MP रियर और 8MP फ्रंट कैमरा
वीडियो कॉलिंग और तस्वीरें लेने के लिए टैबलेट में पीछे की तरफ 13 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है। वहीं, सेल्फी और ऑनलाइन क्लास या मीटिंग के लिए सामने 8 मेगापिक्सल का कैमरा मौजूद है।
ऑडियो के लिए इसमें डुअल स्पीकर दिए गए हैं। कनेक्टिविटी के लिहाज से डिवाइस 4G LTE, डुअल-बैंड Wi-Fi 6, Bluetooth 5.3 और GPS को सपोर्ट करता है।
भारत में कीमत और बिक्री की जानकारी का इंतजार
Logic ने Neo X1 Pro को भारतीय बाजार में पेश तो कर दिया है, लेकिन फिलहाल इसकी कीमत का खुलासा नहीं किया गया है। कंपनी ने बिक्री शुरू होने की तारीख और उपलब्धता से जुड़े रिटेल चैनलों की जानकारी भी साझा नहीं की है। ऐसे में ग्राहकों को इसकी कीमत और खरीदारी से संबंधित विवरण के लिए कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।



