Awarapan 2 Vs Batwara 1947: 7वें दिन इमरान हाशमी ने मारा छक्का, ‘बंटवारा 1947’ की हालत खराब
आवारापन 2’ ने सातवें दिन 6 करोड़ रुपये कमाए और कुल कलेक्शन 113.50 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं ‘बंटवारा 1947’ की कमाई 33.60 करोड़ रुपये ही हुई।
Awarapan 2 Vs Batwara 1947: आवारापन 2’ और ‘बंटवारा 1947’ को सिनेमाघरों में रिलीज हुए एक हफ्ता पूरा हो चुका है। दोनों फिल्मों की सातवें दिन की कमाई के आंकड़े सामने आ गए हैं और बॉक्स ऑफिस पर दोनों की तस्वीर बिल्कुल अलग नजर आ रही है। जहां इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ लगातार मजबूत प्रदर्शन करते हुए 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है, वहीं सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ की रफ्तार काफी धीमी पड़ गई है।
गुरुवार यानी 20 अगस्त को ‘आवारापन 2’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 6 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। सातवें दिन फिल्म के देशभर में 10,832 शो चलाए गए। पहले सप्ताह में फिल्म ने जिस तरह से दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचा है, उससे साफ है कि इमरान हाशमी की फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
‘आवारापन 2’ की शुरुआत भी शानदार रही थी। फिल्म ने रिलीज के पहले दिन शुक्रवार को 22 करोड़ रुपये की ओपनिंग की। इसके बाद शनिवार को फिल्म ने 33.75 करोड़ रुपये, रविवार को 26 करोड़ रुपये, सोमवार को 9.25 करोड़ रुपये, मंगलवार को 9.75 करोड़ रुपये और बुधवार को 6.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। गुरुवार की 6 करोड़ रुपये की कमाई जोड़ने के बाद फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 113.50 करोड़ रुपये हो गया है।
दूसरी ओर ‘बंटवारा 1947’ की बॉक्स ऑफिस रफ्तार पहले सप्ताह में ही काफी कमजोर दिखाई दे रही है। फिल्म ने सातवें दिन यानी गुरुवार को करीब 1.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इस दिन फिल्म के देशभर में 5,930 शो चलाए गए। सातवें दिन की कमाई को देखकर माना जा रहा है कि फिल्म के लिए आने वाले दिन चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।
‘बंटवारा 1947’ ने रिलीज के पहले दिन 5.75 करोड़ रुपये की कमाई की थी। शनिवार को फिल्म ने 13.50 करोड़ रुपये और रविवार को 7.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके बाद सोमवार को कमाई घटकर 2 करोड़ रुपये रह गई। मंगलवार को फिल्म ने 2.25 करोड़ रुपये, बुधवार को 1.50 करोड़ रुपये और गुरुवार को 1.35 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह सात दिनों में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन करीब 33.60 करोड़ रुपये पहुंचा है।
दोनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों का अंतर लगातार बढ़ता जा रहा है। जहां ‘आवारापन 2’ पहले सप्ताह में ही 113.50 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है, वहीं ‘बंटवारा 1947’ 33.60 करोड़ रुपये तक ही पहुंच पाई है। यानी दोनों फिल्मों की कमाई में करीब 79.90 करोड़ रुपये का बड़ा अंतर है।
Batwara 1947: सनी देओल की 60 करोड़ फीस, प्रीति जिंटा को 10 करोड़; अली फजल को कितने मिले?
‘बंटवारा 1947’ में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा और करण देओल नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्देशन राज कुमार संतोषी ने किया है और इसका निर्माण आमिर खान ने किया है। फिल्म की कहानी 1947 के विभाजन की पृष्ठभूमि से जुड़ी है और इसी वजह से इसे लेकर दर्शकों के बीच शुरुआत में काफी चर्चा थी। हालांकि बॉक्स ऑफिस पर यह चर्चा कमाई में पूरी तरह तब्दील होती नजर नहीं आई।
वहीं ‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है, जबकि इसके निर्माण की जिम्मेदारी विशेष भट्ट ने संभाली है। फिल्म की मजबूत ओपनिंग के बाद पहले सप्ताह में भी कमाई का सिलसिला जारी रहा और अब यह 113 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है।
अब दूसरे वीकेंड पर दोनों फिल्मों का प्रदर्शन बेहद अहम रहने वाला है। ‘आवारापन 2’ के सामने 150 करोड़ रुपये की ओर बढ़ने की चुनौती होगी, जबकि ‘बंटवारा 1947’ को अपनी कमाई में तेजी लाने के लिए दर्शकों की संख्या बढ़ानी होगी। फिलहाल सातवें दिन के आंकड़ों के आधार पर बॉक्स ऑफिस की इस टक्कर में इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ साफ तौर पर आगे निकल चुकी है।



