Praygraj News : वरिष्ठ समाजसेविका और अधिवक्ता सुभाष राठी का निधन, 450 से अधिक दिव्यांग बेटियों के विवाह में निभाई अहम भूमिका
Praygraj News : वरिष्ठ समाजसेविका और अधिवक्ता सुभाष राठी का 6 सितंबर को नई दिल्ली में निधन हो गया। उन्होंने 450 से अधिक दिव्यांग बेटियों का विवाह कराया और हजारों दिव्यांगजनों को स्वावलंबी बनाया।`

Praygraj News : वरिष्ठ अधिवक्ता, समाजसेविका और पूर्व अपर मुख्य स्थायी अधिवक्ता, इलाहाबाद हाईकोर्ट सुभाष राठी का 6 सितंबर को नई दिल्ली में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से प्रयागराज के सामाजिक और अधिवक्ता संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार सुबह उनके पुत्र अधिवक्ता राहुल राठी पार्थिव शरीर लेकर प्रयागराज स्थित प्रीतम नगर आवास पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए रसूलाबाद घाट ले जाया गया। यहां उनके पुत्र राहुल राठी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार किया। अंतिम दर्शन के लिए आवास से लेकर रसूलाबाद घाट तक सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं, शुभचिंतकों और उनके चाहने वालों की भीड़ मौजूद रही।
450 से अधिक दिव्यांग बेटियों का कराया विवाह
सुभाष राठी ने अपने सामाजिक जीवन में समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के लिए लगातार काम किया। ‘अनाम स्नेह’ संस्था के माध्यम से उन्होंने पिछले 19 वर्षों में 450 से अधिक दिव्यांग बेटियों के विवाह कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके अलावा उन्होंने हजारों दिव्यांगजनों को चलित दुकान उपलब्ध कराने का काम किया, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। जरूरतमंदों की सहायता और दिव्यांगजनों के लिए किए गए उनके कार्यों को प्रयागराज के सामाजिक क्षेत्र में विशेष रूप से याद किया जाएगा।
20 साल तक इलाहाबाद हाईकोर्ट में निभाई जिम्मेदारी
सुभाष राठी ने वर्ष 2002 से 2022 तक इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपर मुख्य स्थायी अधिवक्ता के रूप में सेवाएं दीं। उनके सहयोगियों के अनुसार, उन्होंने अपने पेशेवर जीवन में ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता को प्राथमिकता दी।
सड़क से लेकर उच्च न्यायालय तक जरूरतमंदों की आवाज उठाना उनके सामाजिक और पेशेवर जीवन की महत्वपूर्ण पहचान रही। न्याय के साथ सामाजिक सरोकार उनके व्यक्तित्व का अभिन्न हिस्सा था।
‘प्रयागराज के सामाजिक क्षेत्र की अपूरणीय क्षति’
लोकसेवक मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चोपड़ा ने सुभाष राठी के निधन को प्रयागराज के सामाजिक क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों और दिव्यांगजनों के लिए सुभाष राठी ने जो योगदान दिया, उसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।
वहीं, अनाम स्नेह के संयोजक एवं वरिष्ठ समाजसेवी शिक्षक श्रीनारायण यादव ने कहा कि सुभाष राठी का निधन उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि अपनी ममता से सभी को सिंचित करने वाली ‘ममतामयी दीदी’ का कोई विकल्प नहीं है।
समाजसेवा, न्याय और मानवीय संवेदना को समर्पित रहा जीवन
लोक सेवक मंडल के मीडिया प्रभारी रविशंकर मिश्र ने कहा कि सुभाष राठी का पूरा जीवन समाजसेवा, न्याय और मानवीय संवेदना को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि प्रयागराज ने एक वरिष्ठ समाजसेविका के साथ-साथ कमजोर और जरूरतमंद लोगों के लिए हमेशा खड़े रहने वाला मजबूत अभिभावक खो दिया है।
सुभाष राठी के निधन पर लोकसेवक मंडल प्रयागराज के सचिव ब्रह्मप्रकाश तिवारी, वरिष्ठ पार्षद आनंद घिडियाल, शिवसेवक सिंह, कमलजीत, सीडब्ल्यूसी चेयरमैन अखिलेश मिश्र, यमुनोत्री गुप्ता, महिला अधिवक्ता अर्चना सिंह, राज लक्ष्मी, डॉ. गीता कौरा, ममता सिंह, सामाजिक एकता परिषद के अध्यक्ष ओमप्रकाश शुक्ला, अधिवक्ता रश्मि, अनुराधा, दुर्गा तिवारी, समाजसेवी राकेश बनोधा, कुलदीप यादव, अधिवक्ता आशीष द्विवेदी, नीलू जायसवाल, अरविंद चोपड़ा, मनोज केशरवानी, जावेद सिद्दीकी, प्रशांत मौर्य, अनुराधा, दिव्यांग मोर्चा के अध्यक्ष लवलेश सिंह, रवि कुमार, सुनील कुमार, शिखर यादव, चंदन, गुड्डू पंडित, शानू, रिंकू, अर्पित, कुशल, सुजीत और सगीर अहमद समेत बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं और गणमान्य लोगों ने शोक व्यक्त किया।



