Mumbai Crime Branch: 7 साल से फरार मानव तस्करी रैकेट का आरोपी गिरफ्तार, फर्जी वीजा-टिकट से भेजता था दुबई

Mumbai Crime Branch: मुंबई क्राइम ब्रांच ने मानव तस्करी से जुड़े एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए 42 वर्षीय योगानंद पुजारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2019 से फरार चल रहा था और फर्जी वीजा तथा एयर टिकट के जरिए लोगों को दुबई भेजने के नेटवर्क का हिस्सा था।

क्राइम ब्रांच की यूनिट-8 ने आरोपी को भारत पहुंचने के बाद हिरासत में लिया। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ लंबे समय से लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी था।

पुलिस के मुताबिक यह मामला अगस्त 2019 में सामने आया था। उस समय दुबई जाने की तैयारी कर रही एक महिला यात्री को इमिग्रेशन जांच के दौरान रोका गया। जांच में उसके पास मौजूद रिटर्न टिकट फर्जी पाया गया। इसके बाद मामले की गहन जांच शुरू हुई।

इस केस में पहले मोहम्मद फिरोज राशिद सैयद उर्फ आश खान को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने योगानंद पुजारी की भूमिका का खुलासा किया। पुलिस का आरोप है कि पुजारी व्हाट्सऐप के जरिए फर्जी वीजा और टिकट उपलब्ध कराता था।

written by Siddhi Srivastava

Related Articles

Back to top button