Railway jobs 2026: सरकारी नौकरी का मौका! रेलवे पैरामेडिकल स्टाफ के 560 पदों पर निकली भर्ती, जानें योग्यता और फीस
Railway jobs 2026: रेलवे पैरामेडिकल भर्ती 2026: आवेदन शुल्क, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया की पूरी जानकारी
Railway jobs 2026: रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने पैरामेडिकल स्टाफ भर्ती 2026 का शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 560 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 15 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
560 पदों पर होगी भर्ती
आरआरबी द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह भर्ती विभिन्न पैरामेडिकल कैटेगरी के लिए निकाली गई है। इसमें नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट, फार्मासिस्ट, हेल्थ एंड मलेरिया इंस्पेक्टर, लैब असिस्टेंट, रेडियोग्राफर, ईसीजी टेक्नीशियन, डायलिसिस टेक्नीशियन, ऑप्टोमेट्रिस्ट और ऑडियोलॉजिस्ट एंड स्पीच थेरेपिस्ट जैसे पद शामिल हैं।
कब शुरू होंगे आवेदन?
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 से शुरू होगी। उम्मीदवार 14 अक्टूबर 2026 तक आवेदन फॉर्म भर सकेंगे। आवेदन रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और संबंधित क्षेत्रीय आरआरबी पोर्टल के माध्यम से किए जाएंगे।
आयु सीमा और योग्यता
भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 को आधार मानकर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार छूट मिलेगी।
शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग तय की गई है। नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट पद के लिए जीएनएम या बीएससी नर्सिंग, फार्मासिस्ट के लिए फार्मेसी में डिग्री या डिप्लोमा तथा लैब असिस्टेंट के लिए मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी में डिप्लोमा अनिवार्य होगा।
आवेदन शुल्क कितना है?
जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है। वहीं एससी, एसटी, महिला, ट्रांसजेंडर, दिव्यांग, एक्स-सर्विसमैन और अन्य आरक्षित वर्गों के लिए शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है। परीक्षा में शामिल होने के बाद निर्धारित शर्तों के तहत शुल्क का कुछ हिस्सा वापस भी किया जाएगा।
कैसे होगा चयन?
उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) होगी। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। अंतिम चरण में मेडिकल परीक्षण होगा। मेरिट सूची के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।
विस्तृत नोटिफिकेशन का इंतजार
फिलहाल रेलवे भर्ती बोर्ड ने केवल शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी किया है। विस्तृत विज्ञापन में पदवार रिक्तियां, परीक्षा पैटर्न, सिलेबस और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी जारी की जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
written by Siddhi Srivastava



