CM Yogi: छोटी घटनाएं बड़ी न बनें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं… CM योगी की DM-SP को सख्त नसीहत, बच्चे से पूछा- कहां पढ़ते हो

लखनऊ में जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलग-अलग जिलों से आए लोगों की शिकायतें सुनीं। पुलिस और राजस्व से जुड़ी शिकायतों की अधिकता पर उन्होंने अधिकारियों को छोटी घटनाओं पर भी नजर रखने और समय रहते कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पुलिस और राजस्व से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी छोटी घटना को नजरअंदाज न किया जाए, क्योंकि समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर मामूली विवाद भी गंभीर रूप ले सकता है।

DM-SP खुद रखें छोटी घटनाओं पर नजर

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जिलों में छोटी से छोटी घटना की जानकारी रखें। किसी मामले की सूचना मिलने पर अधिकारी खुद मौके पर पहुंचकर पीड़ित की बात सुनें और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि छोटी घटनाओं में भी उदासीनता या लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान के लिए नियमित रूप से जिलों में सक्रिय रहने के निर्देश दिए।

पुलिस और राजस्व की शिकायतों पर सख्ती

जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पुलिस और राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतें मुख्यमंत्री के सामने पहुंचीं। इस पर उन्होंने पुलिस कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारियों को जनशिकायतों के निस्तारण की निगरानी करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि यदि किसी अधीनस्थ अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही की शिकायत सामने आती है तो उसकी भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को लंबित नहीं रखने पर भी जोर दिया गया।

हर फरियादी की बात सुनी

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अलग-अलग जिलों से आए फरियादियों से मुलाकात की और उनके प्रार्थना पत्रों को देखा। संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के समाधान के लिए निर्देश दिए गए।

सरकार की ओर से कहा गया कि जनशिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण प्राथमिकता में है। पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और जरूरतमंद मरीजों के इलाज की व्यवस्था कराने के निर्देश भी दिए गए। भूमाफिया और दबंगों से जुड़े मामलों में कार्रवाई के लिए भी अधिकारियों को कहा गया।

UP Politics: ‘पूर्वांचल अलग राज्य बना तो राजभर समाज का बेटा बनेगा CM’, ओपी राजभर का बड़ा बयान

बच्चे से पूछा- कैसे हो, कहां पढ़ते हो?

जनता दर्शन के दौरान एक हल्का-फुल्का पल भी देखने को मिला। अपनी मां के साथ पहुंचे एक छोटे बच्चे से मुख्यमंत्री ने उसका हालचाल पूछा और पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चे से पूछा कि वह कहां पढ़ता है।

मुख्यमंत्री ने बच्चे को चॉकलेट दी। इसके बाद जब उन्होंने मजाकिया अंदाज में चॉकलेट वापस मांगने की कोशिश की तो बच्चे ने उसे लौटाने से इनकार कर दिया। इस पर वहां मौजूद लोगों के बीच मुस्कान का माहौल बन गया। मुख्यमंत्री ने बच्चे को मन लगाकर पढ़ाई करने और बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button