International Yoga Day 2026: विश्व मंच पर गूंजा भारत का योग, न्यूयॉर्क से शंघाई तक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब
210 से अधिक भारतीय मिशनों ने 2,500 से ज्यादा स्थानों पर आयोजित किए योग कार्यक्रम, दुनिया ने अपनाया ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ का संदेश
International Yoga Day 2026: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दुनिया भर में भारत की प्राचीन योग परंपरा का भव्य उत्सव देखने को मिला। भारत में मुख्य आयोजन कोलकाता में हुआ, जबकि विदेशों में भी हजारों लोगों ने योगाभ्यास कर भारतीय संस्कृति और स्वास्थ्य परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही, जिसने सभी आयु वर्ग के लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
विदेश मंत्रालय और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) के संयुक्त प्रयासों से दुनिया भर में फैले 210 से अधिक भारतीय दूतावासों और मिशनों ने 2,500 से अधिक ऐतिहासिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए। इन आयोजनों में लाखों लोगों ने भाग लेकर योग को वैश्विक जनआंदोलन का स्वरूप दिया।
अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा की मौजूदगी में वॉशिंगटन डीसी के प्रतिष्ठित लिंकन मेमोरियल पर विशाल योग शिविर आयोजित किया गया। यहां योगाभ्यास के साथ आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए विशेष आयुर्वेद कॉर्नर भी स्थापित किए गए। वहीं न्यूयॉर्क के विश्व प्रसिद्ध टाइम्स स्क्वायर पर आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग गुरु डॉ. एच. आर. नागेंद्र ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और प्रवासी भारतीयों ने भाग लिया।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस वर्ष योग दिवस केवल योगाभ्यास तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आयुर्वेद, पारंपरिक स्वास्थ्य पद्धतियों और भारतीय जीवनशैली को भी दुनिया के सामने प्रस्तुत किया गया। वॉशिंगटन डीसी के कई प्रमुख स्थानों पर भी योग से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
एशिया, यूरोप, अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया समेत दुनिया के विभिन्न हिस्सों में भी योग दिवस का उत्साह देखने को मिला। चीन के शंघाई स्थित बंड फाइनेंस सेंटर में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने भव्य योग सत्र आयोजित किया। कनाडा के टोरंटो में ओंटारियो विधानसभा परिसर के सामने बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। वहीं ब्रिटेन के बर्मिंघम, जर्मनी, स्वीडन और अन्य यूरोपीय देशों में भी खुले मैदानों में हजारों लोगों ने योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
दक्षिण अमेरिका के अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स के ओलंपिक पार्क में आयोजित योग उत्सव की विशेष आकर्षण दिव्यांगजनों के लिए आयोजित विशेष योग सत्र और भारतीय पारंपरिक भोजन एवं संस्कृति की प्रदर्शनी रही।

संयुक्त राष्ट्र की छह आधिकारिक भाषाओं—अरबी, चीनी, अंग्रेज़ी, फ्रेंच, रूसी और स्पेनिश—में उपलब्ध कॉमन योग प्रोटोकॉल (CYP) के माध्यम से दुनिया भर में लोगों ने एक साथ योग और प्राणायाम का अभ्यास किया। इससे यह स्पष्ट हुआ कि योग अब केवल भारत की सांस्कृतिक विरासत नहीं, बल्कि वैश्विक स्वास्थ्य और संतुलित जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बन चुका है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के बढ़ते वैश्विक प्रभाव ने भारत की सांस्कृतिक कूटनीति को नई मजबूती दी है। योग आज विश्वभर में स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और समग्र जीवनशैली का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।



