CM Yogi Adityanath: जनता दर्शन में सीएम योगी सख्त, बोले- छोटी घटनाओं को नजरअंदाज करना भारी पड़ेगा
CM Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर छोटी घटना पर तत्काल कार्रवाई हो और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय मिले।
CM Yogi Adityanath: लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि छोटी घटनाओं को नजरअंदाज करने की गलती नहीं होनी चाहिए, क्योंकि यही घटनाएं बाद में बड़े विवाद का रूप ले सकती हैं।
डीएम और एसपी को दी विशेष जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक अपने-अपने जिलों में हर छोटी घटना पर नजर रखें। किसी भी सूचना के मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचें और पीड़ितों की बात सुनें।
उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो और मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
शिकायतों के समाधान पर दिया जोर
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशासन, पुलिस, राजस्व और बिजली विभाग से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के लोगों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले और जरूरतमंदों के इलाज सहित अन्य समस्याओं का भी समाधान कराया जाए।
पुलिस से जुड़ी शिकायतों पर सख्त रुख
कार्यक्रम में सबसे अधिक शिकायतें पुलिस और राजस्व विभाग से संबंधित सामने आईं। इस पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि पुलिस कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारी नियमित रूप से जनसुनवाई करें।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी अधीनस्थ कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
बच्चे के साथ दिखा सीएम का अलग अंदाज
जनता दर्शन में एक महिला अपने छोटे बच्चे के साथ पहुंची थी। मुख्यमंत्री ने बच्चे से बातचीत की और उसकी पढ़ाई के बारे में पूछा। इसके बाद उन्होंने बच्चे को चॉकलेट दी।
जब मुख्यमंत्री ने मजाक में चॉकलेट वापस मांगी तो बच्चे ने देने से इनकार कर दिया। बच्चे की इस मासूम प्रतिक्रिया पर पूरा हॉल हंसी से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने बच्चे को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया और मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी।



