Bharat Taxi: जीरो कमीशन पर जुड़ेंगे चालक, 5 लाख की सामाजिक सुरक्षा; किसानों को 6% ब्याज पर मिलेगा कर्ज

Bharat Taxi की यूपी में शुरुआत हो गई है। टैक्सी, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चालक जीरो कमीशन पर जुड़ सकेंगे। किसानों के LDB ऋण की ब्याज दर 11% से घटकर 6% हुई।

Bharat Taxi, Bharat Taxi UP, Yogi Adityanath, Zero Commission Taxi, मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना, किसान लोन 6 प्रतिशत, LDB Loan, Uttar Pradesh News, Bharat Taxi, Bharat Taxi UP, Yogi Adityanath, Uttar Pradesh News, Zero Commission Taxi, Farmer Loan, Kisan Yojana, Mukhyamantri Krishak Samriddhi Yojana, LDB Loan, UP Government

Bharat Taxi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रदेश के टैक्सी चालकों और किसानों के लिए दो महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल के साथ भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ किया। भारत टैक्सी से टैक्सी, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चालक रजिस्ट्रेशन कराकर जीरो कमीशन पर जुड़ सकेंगे। योजना के तहत चालकों को 5 लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा देने की बात कही गई है।

वहीं मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक (LDB) से किसानों को मिलने वाले ऋण की ब्याज दर 11 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत कर दी गई है। योजना का लक्ष्य आने वाले वर्षों में 5 लाख लघु और सीमांत किसानों को दीर्घकालिक ऋण उपलब्ध कराना है।

लखनऊ समेत चार शहरों में शुरू हुई भारत टैक्सी

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत टैक्सी केवल यात्रियों के आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार का अवसर भी बनेगी। फिलहाल लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में भारत टैक्सी का संचालन शुरू किया गया है। टैक्सी चालकों के साथ टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चालक भी इससे जुड़ सकेंगे।

लखनऊ एयरपोर्ट, लखनऊ मेट्रो और लखनऊ पुलिस समेत विभिन्न संस्थाओं के साथ भारत टैक्सी के संचालन को लेकर एमओयू भी किए गए हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जीरो कमीशन व्यवस्था से चालक अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा अपने पास रख सकेंगे। पांच लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा से उन्हें आर्थिक सुरक्षा का आधार मिलेगा।

भारत टैक्सी की तर्ज पर ग्रामीण बस सेवा का विस्तार

मुख्यमंत्री ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को भारत टैक्सी की तर्ज पर ग्रामीण बस सेवा को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होने के साथ बड़ी संख्या में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रयागराज महाकुंभ 2025 का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां रैपिडो के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं ने अपनी बाइक से श्रद्धालुओं को संगम, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट तक पहुंचाने में मदद की। उनके मुताबिक इससे यात्रियों को आवागमन की सुविधा मिली और यातायात व्यवस्था पर भी अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ा।

मुख्यमंत्री का दावा- 2017 से पहले खराब थी कानून-व्यवस्था

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था को लेकर पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय टैक्सी और अन्य वाहनों से जुड़े लोगों के सामने सुरक्षा की समस्या थी।

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि 2017 से पहले वाहनों की चोरी की घटनाएं होती थीं और सड़कों की स्थिति भी खराब थी। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश में 14 लाख सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है।

किसानों के लिए LDB ऋण की ब्याज दर 11% से घटकर 6%

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत किसानों को खेती और कृषि मशीनरी के लिए दीर्घकालिक ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक से मिलने वाले ऋण की ब्याज दर अब 11 फीसदी से घटाकर 6 फीसदी कर दी गई है।

योजना के तहत अगले कुछ वर्षों में 5 लाख लघु और सीमांत किसानों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान की आर्थिक समृद्धि से कृषि क्षेत्र और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज माफ करने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में सरकार बनने के बाद प्रदेश में 86 लाख लघु और सीमांत किसानों के 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ऋण माफ किए गए। उन्होंने सिंचाई परियोजनाओं और किसानों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री के मुताबिक पिछले करीब साढ़े नौ वर्षों में 24 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है। 16 लाख से अधिक निजी ट्यूबवेल वाले किसानों को मुफ्त बिजली और नहर तथा सरकारी ट्यूबवेल से मुफ्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की बात भी उन्होंने कही।

गन्ना किसानों को 3.30 लाख करोड़ रुपये भुगतान का दावा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में फिलहाल 122 चीनी मिलें संचालित हैं। इनमें 100 से अधिक मिलों द्वारा चौथे दिन गन्ना मूल्य भुगतान किए जाने का दावा किया गया। मुख्यमंत्री के अनुसार पिछले नौ वर्षों में किसानों को 3.30 लाख करोड़ रुपये गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया है।

उन्होंने कहा कि किसानों को बीज से लेकर बाजार तक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पैक हाउस, फूड प्रोसेसिंग यूनिट और एफपीओ के माध्यम से काम किया जा रहा है। सहकारिता के जरिए अलग-अलग स्थानों पर 50 हजार मीट्रिक टन क्षमता के वेयरहाउस भी तैयार किए जा रहे हैं।

15 सहकारी बैंक मुनाफे में आने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के 16 सहकारी बैंक निष्क्रिय हो गए थे और उनके लाइसेंस जब्त हो गए थे। उनके मुताबिक अब इनमें से 15 सहकारी बैंक मुनाफे में आ चुके हैं, जबकि एक अन्य बैंक को बेहतर करने की प्रक्रिया चल रही है।

उन्होंने बताया कि पैक्स को पहले 10 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त कैश क्रेडिट की सुविधा थी, जिसे बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दिया गया है। सहकारिता क्षेत्र से 54 लाख नए सदस्य जुड़ने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।

तीन डिजिटल प्लेटफॉर्म भी लॉन्च

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के ई-पोर्टल, सहकारिता विभाग के उर्वरक सेतु मोबाइल एप और उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव डेटाबेस सेंटर के मोबाइल एप UPCDC का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने भारत टैक्सी के पांच सारथियों को शेयर प्रमाण पत्र और कृषक समृद्धि योजना के पांच लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र भी सौंपे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल समेत अन्य अतिथियों ने भारत टैक्सी को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर, परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के सभापति डॉ. विवेक कुमार सिंह तोमर, केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के अपर सचिव पंकज कुमार बंसल, भारत टैक्सी के उपाध्यक्ष रोहित गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button