Ramayana Movie: रावण बने यश क्यों नहीं पहुंचे रामायण इवेंट? नमित मल्होत्रा ने दिया जवाब
Ramayana Movie: 'रामायण' के भव्य मुंबई इवेंट में रणबीर कपूर और फिल्म की टीम मौजूद रही, लेकिन रावण का किरदार निभा रहे यश की गैरमौजूदगी ने सभी का ध्यान खींचा। अब निर्माता नमित मल्होत्रा ने इसकी वजह बताई है।
Ramayana Movie: नितेश तिवारी की बहुचर्चित फिल्म ‘रामायण’ एक बार फिर सुर्खियों में है। मुंबई में आयोजित फिल्म के भव्य इवेंट में रणबीर कपूर समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं, लेकिन रावण का किरदार निभा रहे सुपरस्टार यश नजर नहीं आए। उनकी गैरमौजूदगी को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। अब फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने इस पर खुलकर बात की है।
यश की कमी महसूस हुई
इवेंट के दौरान नमित मल्होत्रा ने यश का जिक्र करते हुए कहा कि वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने बताया कि यश इस फिल्म का बेहद अहम हिस्सा हैं और उनकी मौजूदगी इस सफर को और खास बनाती है। निर्माता ने यह भी कहा कि यश सिर्फ एक अभिनेता नहीं, बल्कि इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के मजबूत सहयोगी भी हैं।
रावण के किरदार के लिए चाहिए था साहस
नमित मल्होत्रा के मुताबिक, रावण जैसा जटिल और चर्चित किरदार निभाने के लिए एक ऐसे कलाकार की जरूरत थी जो इस चुनौती को स्वीकार करने का साहस रखता हो। उन्होंने यश की तारीफ करते हुए कहा कि फिल्म को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के उनके विजन में अभिनेता का बड़ा योगदान रहा है। निर्माता ने मंच से यह भी कहा कि यश की कमी महसूस हो रही है और उम्मीद है कि वह जल्द बेहतर महसूस करेंगे।
भव्य स्तर पर बन रही है ‘रामायण’
‘रामायण’ को भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक माना जा रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। मेकर्स इस प्रोजेक्ट को केवल भारतीय दर्शकों तक सीमित नहीं रखना चाहते, बल्कि इसे वैश्विक स्तर पर पेश करने की तैयारी कर रहे हैं।
इवेंट में देरी भी बनी चर्चा का विषय
मुंबई में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान देरी को लेकर भी चर्चा रही। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इवेंट निर्धारित समय से कई घंटे बाद शुरू हुआ, जिसके कारण मीडिया प्रतिनिधियों में नाराजगी भी देखने को मिली। हालांकि कार्यक्रम के दौरान फिल्म और इसके कलाकारों को लेकर उत्साह बना रहा।
फिलहाल, यश की गैरमौजूदगी को लेकर मेकर्स ने स्वास्थ्य संबंधी संकेत दिए हैं, लेकिन उनके फैंस को उम्मीद है कि फिल्म के आगामी प्रमोशनल कार्यक्रमों में वह टीम के साथ नजर आएंगे। वहीं ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है।



