Pratapgarh News: बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

Pratapgarh News:महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जनपद प्रतापगढ़ पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में रविवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत एंटी रोमियो/मिशन शक्ति टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उनकी सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली। टीम ने उन्हें महिला सुरक्षा के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया। इनमें 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन पुलिस सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन प्रमुख रहे।

पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने के उपायों की जानकारी दी। साथ ही छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा किसी अन्य समस्या का सामना होने पर बिना किसी संकोच के पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।

एंटी रोमियो/मिशन शक्ति टीम ने सार्वजनिक स्थानों, बाजारों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याएं जानीं। पुलिसकर्मियों ने उन्हें विषम परिस्थितियों में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबर या पुलिस की सहायता लेने के लिए जागरूक किया।

प्रतापगढ़ पुलिस का कहना है कि महिला एवं बालिका सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मिशन शक्ति और एंटी रोमियो अभियान के माध्यम से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत

Related Articles

Back to top button