Lucknow News-डॉ. आरएमएलआईएमएस में साइबर जागरूकता सत्र, विशेषज्ञों ने बताए ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय
Lucknow News: Cyber awareness session at Dr. RMLIMS; experts share tips to prevent online fraud.
Lucknow News-डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (डॉ. आरएमएलआईएमएस) में स्टूडेंट वेलफेयर की ओर से गुरुवार को विशेष साइबर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। प्रशासनिक भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित कार्यक्रम में एचडीएफसी बैंक की विशेषज्ञ टीम ने विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों और कर्मचारियों को बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
डिजिटल ठगी के नए तरीकों से कराया परिचित
सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने डिजिटल और वित्तीय धोखाधड़ी के बदलते स्वरूपों की जानकारी दी। इनमें डिजिटल अरेस्ट, यूपीआई और क्यूआर कोड के माध्यम से होने वाली ठगी, फिशिंग तथा ओटीपी स्कैम के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रतिभागियों को समझाया गया कि साइबर अपराधी किस तरह लोगों को डराकर या भ्रमित कर उनकी व्यक्तिगत और बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल करते हैं।
ओटीपी, पिन और पासवर्ड किसी से साझा न करें
श्री पवन सिंह ने प्रतिभागियों को सलाह दी कि किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और संदिग्ध कॉल, संदेश या ई-मेल प्राप्त होने पर सतर्क रहें। उन्होंने सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग के लिए मजबूत पासवर्ड रखने और टू-वे वेरिफिकेशन का इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
विशेषज्ञों ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल इसकी सूचना संबंधित माध्यमों से देनी चाहिए। साइबर अपराध की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करने के साथ ही cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। समय रहते शिकायत करने से ठगी की गई धनराशि को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।
निदेशक समेत कई अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी. एम. सिंह, डीन प्रो. (डॉ.) राजन भटनागर, एसोसिएट डीन (स्टूडेंट वेलफेयर) डॉ. रिचा चौधरी सहित संकाय सदस्य, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में डीन प्रो. (डॉ.) राजन भटनागर की ओर से श्री पवन सिंह को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती राखी जी. नायर ने किया।



