Daler Mehndi Controversy: सीएम धामी ने दलेर मेहंदी से की बात, बोले- विवाद पीछे छोड़ आगे बढ़ें
Daler Mehndi Controversy: दलेर मेहंदी-सुबोध उनियाल विवाद के बीच सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गायक से फोन पर बात की। मीका सिंह ने मंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग दोहराई।

Daler Mehndi Controversy: उत्तराखंड में गायक दलेर मेहंदी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए विवाद को सुलझाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहल की है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को दलेर मेहंदी से फोन पर बातचीत की और उनका कुशलक्षेम जाना।
बातचीत के बाद सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि पिछले दिनों हुए घटनाक्रम पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि इस घटना को पीछे छोड़कर आपसी संवाद, सौहार्द और सकारात्मकता की भावना के साथ आगे बढ़ा जाए।
एक दिन पहले मीका सिंह से भी की थी बातचीत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी से बातचीत से एक दिन पहले उनके भाई और गायक मीका सिंह से भी फोन पर बात की थी। मुख्यमंत्री ने कहा था कि दलेर मेहंदी और मीका सिंह दोनों से उनके अच्छे संबंध हैं और वह बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने का प्रयास करेंगे।
सीएम धामी ने उत्तराखंड की अतिथि सत्कार परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि देवभूमि अपनी लोकसंस्कृति, आत्मीय आतिथ्य और सौहार्द के लिए जानी जाती है। राज्य में कला, संस्कृति और कलाकारों का सम्मान किया जाता है।
दूसरी ओर, मीका सिंह ने मुख्यमंत्री की पहल की सराहना की, लेकिन यह भी कहा कि कलाकारों के सम्मान को ध्यान में रखते हुए मंत्री सुबोध उनियाल को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
क्या है दलेर मेहंदी और मंत्री सुबोध उनियाल का विवाद?
यह पूरा मामला 18 अक्टूबर को टिहरी जिले के नरेंद्रनगर क्षेत्र में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का है। कार्यक्रम में दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान उनके साउंड ट्रैक में अलग-अलग आवाजें सुनाई देने लगीं, जिसके बाद वहां विवाद की स्थिति बन गई।
कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल इस स्थिति से नाराज हो गए। वह मंच पर पहुंचे और दलेर मेहंदी से कहा कि जब वह बोल नहीं पा रहे हैं तो गाएंगे क्या? इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
वीडियो सामने आने के बाद मंत्री के व्यवहार को लेकर मनोरंजन जगत की कई हस्तियों और राजनीतिक दलों ने सवाल उठाए थे।
मंत्री सुबोध उनियाल ने दी थी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद मंत्री सुबोध उनियाल ने अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें लगा था कि दलेर मेहंदी शायद नशे के प्रभाव में हैं, जबकि बाद में उन्हें पता चला कि गायक की तबीयत खराब थी।
मुख्यमंत्री धामी ने भी पहले कहा था कि उस समय मंत्री पर जनता का दबाव रहा होगा। उन्होंने मंत्री की सफाई का जिक्र करते हुए मामले को बातचीत से समाप्त करने और आगे बढ़ने की बात कही थी।
विवाद सुलझाने की कोशिश, कलाकारों के सम्मान पर जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दलेर मेहंदी और मीका सिंह से बातचीत को विवाद शांत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। जहां मुख्यमंत्री आपसी संवाद और सौहार्द के जरिए मामले को आगे बढ़ाना चाहते हैं, वहीं मीका सिंह ने कलाकारों के सम्मान के लिए सार्वजनिक माफी की मांग कायम रखी है।



