adevertisment Adevertiisment banner

Albania Protests: अल्बानिया में भड़की हिंसा: पुलिस पर दागे पटाखे, सड़कों पर आग का तांडव

Albania Protests: भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के विरोध में सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी; पीएम एडी रामा के इस्तीफे की मांग।

Albania Protests: यूरोपीय देश अल्बानिया की राजधानी तिराना में सरकार विरोधी प्रदर्शनों ने हिंसक रूप ले लिया है। शनिवार को राजधानी की सड़कों पर ऐसा भयानक दृश्य देखने को मिला जैसे किसी फिल्म का युद्ध क्षेत्र हो। प्रदर्शनकारियों ने दंगा-रोधी पुलिस के ऊपर आतिशबाजी के रॉकेट और पटाखे दागे, जिसके फटने से सड़कें आग के शोलों में तब्दील हो गईं।

कृषि मंत्रालय में लगाई आग, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी ‘रॉयटर्स’ के अनुसार, उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया और कृषि मंत्रालय के मुख्य प्रवेश द्वार में आग लगा दी। इसके साथ ही सरकारी इमारतों, बैंकों और दुकानों की खिड़कियों को निशाना बनाया गया। स्थिति को नियंत्रित करने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए दंगा-रोधी पुलिस को वॉटर कैनन (पानी की बौछार), आंसू गैस के गोले और रबर की गोलियों का इस्तेमाल करना पड़ा।

प्रधानमंत्री एडी रामा के इस्तीफे पर अड़े प्रदर्शनकारी अल्बानिया में सरकार के कथित भ्रष्टाचार, बढ़ती बेरोजगारी और चरमराती शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ इस महीने के मध्य से विरोध-प्रदर्शनों की लहर चल रही है। छात्रों और युवाओं के नेतृत्व में शुरू हुआ यह आंदोलन अब देश के अन्य शहरों में भी फैल चुका है। प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री एडी रामा के तुरंत इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि ट्यूशन फीस घटाई जाए, शिक्षा में सरकारी निवेश बढ़ाया जाए और तंत्र में फैले भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई जाए।

यूरोप भर में सुलग रहा है असंतोष यह अशांति गर्मियों में हुए उन विरोध-प्रदर्शनों के बाद और भड़क गई है, जब अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर के एक लग्जरी बीच प्रोजेक्ट का विरोध किया गया था। अल्बानिया में भड़का यह जनआक्रोश इस समय फ्रांस, इटली, स्पेन और पुर्तगाल जैसे कई यूरोपीय देशों में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों की ही कड़ी माना जा रहा है, जहां लोग महंगाई, पेंशन, आवास और जीवन-यापन की लागत से परेशान होकर सड़कों पर उतर आए हैं।

Related Articles

Back to top button