Lucknow News: 68,500 शिक्षक भर्ती: दिवाली पर भी ईको गार्डन में डटे रहे अभ्यर्थी, बोले- मांग पूरी होने तक जारी रहेगा धरना
आंदोलन का 68वां दिन: संशोधित परिणाम जारी करने और नियुक्ति देने की मांग को लेकर त्योहार पर भी जारी रहा प्रदर्शन
Lucknow News:68,500 सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा-2018 में आरक्षण विसंगतियों के समाधान और नियुक्ति की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का धरना-प्रदर्शन राजधानी लखनऊ के ईको गार्डन में लगातार जारी है। आंदोलन के 68वें दिन शनिवार को दिवाली के अवसर पर भी अभ्यर्थी धरना स्थल पर डटे रहे। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर न्यायोचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे।
अभ्यर्थियों ने बताया कि धनतेरस के दिन भी सैकड़ों प्रदर्शनकारी ईको गार्डन में एकत्रित होकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते रहे। दिवाली के दिन भी उन्होंने धरना जारी रखा। उनका कहना है कि इस बार त्योहार परिवार के बजाय आंदोलन स्थल पर मनाने का फैसला किया है, क्योंकि उनके भविष्य और नियुक्ति का मामला लंबे समय से लंबित है।
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि भर्ती में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को नियमानुसार आरक्षण का लाभ देते हुए राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुतियों के अनुरूप चयन परिणाम में संशोधन किया जाए। इसके अलावा दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और उनके आश्रित अभ्यर्थियों को भी नियमानुसार आरक्षण का लाभ देकर संशोधित परिणाम के आधार पर नियुक्ति दी जाए।
धरने का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने कहा कि अभ्यर्थी पिछले 68 दिनों से अपने अधिकारों और न्याय की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। त्योहार के मौके पर भी उन्हें धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक आरक्षण संबंधी विसंगतियों का समाधान, संशोधित परिणाम जारी और प्रभावित अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं मिलती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे कई बार सरकार, मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रख चुके हैं। उन्हें कार्रवाई का भरोसा भी मिला, लेकिन अभी तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है।
अभ्यर्थियों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि राज्य एवं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुतियों और आरक्षण संबंधी नियमों के अनुसार मामले का जल्द निस्तारण किया जाए, जिससे वर्षों से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके।
ये अभ्यर्थी रहे मौजूद
शनिवार को धरना-प्रदर्शन में नवीन चौधरी, रंजना जायसवाल, दीपक पटेल, नसीम फरीदी, घनश्याम, मनोज, उत्कर्ष, अमित, ऋषिता पाल, अनुराग पाल, अनस सहित कई अभ्यर्थी मौजूद रहे।



