UP Politics: यूपी में सपा के साथ गठबंधन को लेकर राहुल गांधी का रुख साफ, बोले- सीटों का बंटवारा सम्मानजनक होना चाहिए
UP Politics: राहुल ने सपा को बताया अहम सहयोगी, सीट बंटवारे के लिए बनी पांच सदस्यीय कमेटी।
UP Politics: उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में सोमवार को दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। बैठक में सपा के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस की महत्वपूर्ण सहयोगी है और गठबंधन में सभी दलों को साथ लेकर चलना होगा। उन्होंने कहा कि सीटों का बंटवारा सम्मानजनक तरीके से होना चाहिए।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, सांसद इमरान मसूद और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
सीट बंटवारे के लिए बनाई पांच सदस्यीय कमेटी
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति और सपा के साथ सीटों के तालमेल सहित अन्य मुद्दों पर बातचीत आगे बढ़ाने के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की है। इसमें प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, इमरान मसूद और आराधना मिश्रा मोना को शामिल किया गया है। यह समिति गठबंधन से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करने के साथ समन्वय की जिम्मेदारी भी संभालेगी।
खरगे ने मजबूत विकल्प देने का जताया भरोसा
बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का अगला चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
खरगे के मुताबिक, प्रदेश की जनता बदलाव की अपेक्षा कर रही है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है। उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस INDIA गठबंधन के सहयोगियों के साथ मिलकर जनता के सामने एक मजबूत विकल्प प्रस्तुत करेगी।
181 सीटों की मांग का अखिलेश कर चुके हैं दावा
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा ऐसे समय में हो रही है, जब दोनों दलों के बीच कुछ मुद्दों पर सहमति बनना बाकी है। इनमें सीटों का बंटवारा और स्वामी प्रसाद मौर्य को गठबंधन में शामिल करने का मुद्दा प्रमुख है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल ही में ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ को दिए एक साक्षात्कार में दावा किया था कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की कुल 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों की मांग की है। हालांकि, यह आंकड़ा अखिलेश यादव की ओर से किया गया दावा है।
वहीं, स्वामी प्रसाद मौर्य को गठबंधन में शामिल करने को लेकर भी दोनों दलों के बीच स्थिति स्पष्ट नहीं है। अखिलेश यादव पहले ही उन्हें गठबंधन में शामिल करने से इनकार कर चुके हैं। राहुल गांधी से मौर्य की मुलाकात के बाद उनके गठबंधन में आने की अटकलें तेज हुई थीं।
पिछले चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश में पिछले दो विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस का प्रदर्शन सीमित रहा है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को केवल दो सीटों पर जीत मिली थी और उसका वोट प्रतिशत 2.33 रहा था। इससे पहले 2017 के चुनाव में कांग्रेस ने सात सीटें जीती थीं और उसे 6.25 प्रतिशत वोट मिले थे। ऐसे में आगामी चुनाव के लिए पार्टी गठबंधन और संगठनात्मक रणनीति को महत्वपूर्ण मानकर आगे बढ़ रही है।



