adevertisment Adevertiisment banner

Uttar Pradesh News: योगी की पाती के 50 सप्ताह पूरे, CM योगी ने सुनाई वनटांगिया समुदाय की कहानी; बोले- 25 करोड़ प्रदेशवासी मेरा परिवार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। वनटांगिया समुदाय के संघर्ष, 54 बस्तियों और जनता से सीधे संवाद की पहल के पीछे की कहानी साझा की।

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने साप्ताहिक संवाद कार्यक्रम ‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने पर कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इस मौके पर उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत के पीछे की सोच और अपने पुराने अनुभवों को साझा किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘योगी की पाती’ के जरिए उनका उद्देश्य प्रदेश के 25 करोड़ लोगों से सीधे संवाद करना और उनकी समस्याओं, आकांक्षाओं तथा उपलब्धियों को सामने लाना है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी 25 करोड़ प्रदेशवासी उनका परिवार हैं और यह पाती इसी परिवार के साथ सुख-दुख साझा करने का एक माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान वनटांगिया समुदाय का विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कैसे आजादी के बाद भी इस समुदाय के हजारों परिवार बुनियादी सुविधाओं और नागरिक अधिकारों से वंचित रहे। सीएम योगी के मुताबिक, वनटांगिया गांवों से जुड़ा उनका अनुभव ही ‘योगी की पाती’ शुरू करने की प्रेरणा बना।

50 सप्ताह पूरे होने पर कॉफी टेबल बुक का विमोचन

‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि सार्वजनिक जीवन में करीब 28-29 वर्षों के अनुभव के दौरान उन्होंने महसूस किया कि समाज में कई ऐसे विषय और वर्ग हैं, जिनकी समस्याएं आम चर्चा का हिस्सा नहीं बन पातीं।

सीएम योगी ने कहा कि अक्सर उनके मन में यह सवाल उठता था कि सरकारी व्यस्तताओं के बीच आम नागरिकों से उन मुद्दों पर सीधा संवाद कैसे स्थापित किया जाए, जिनका उनके जीवन पर वास्तविक प्रभाव पड़ता है। इसी सोच के साथ उन्होंने ‘योगी की पाती’ के माध्यम से जनता तक अपनी बात पहुंचाने और उनकी समस्याओं को सामने लाने का प्रयास किया।

उनके अनुसार, यह कार्यक्रम केवल सरकार की उपलब्धियों को बताने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज के अलग-अलग वर्गों की आशाओं, संघर्षों और जरूरतों से जुड़ने का भी प्रयास है।

वनटांगिया गांव के अनुभव से मिली ‘योगी की पाती’ की प्रेरणा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि ‘योगी की पाती’ लिखने की प्रेरणा उन्हें गोरखपुर के वनटांगिया गांवों के दौरे के दौरान मिली थी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में कई बार ऐसे समुदाय सामने आते हैं, जिनकी समस्याओं और संघर्षों के बारे में समाज के बड़े हिस्से को जानकारी तक नहीं होती। वनटांगिया समुदाय भी ऐसा ही एक उदाहरण था।

सीएम योगी के मुताबिक, करीब 120 वर्ष पहले ब्रिटिश शासन के दौरान रेलवे लाइन बिछाने के लिए बड़े पैमाने पर जंगलों की कटाई की गई थी। इसके बाद जंगलों को दोबारा तैयार करने और उनकी सुरक्षा के लिए कुछ लोगों को वन क्षेत्रों में बसाया गया था। उन्हें जमीन देने का आश्वासन इस शर्त पर दिया गया था कि वे पेड़ लगाएंगे और जंगलों की रक्षा करेंगे।

हालांकि, समय के साथ इन परिवारों की स्थिति बदलने के बजाय और खराब होती चली गई। पेड़ बड़े होते गए, लेकिन वहां रहने वाले लोग बुनियादी सुविधाओं और अधिकारों से वंचित रह गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि देश को 1947 में आजादी मिलने के बाद भी वनटांगिया समुदाय के लोगों को सामान्य नागरिकों जैसी सुविधाएं नहीं मिल पाई थीं।

उन्होंने कहा कि इन परिवारों के पास पक्के मकान, बिजली, पानी और राशन कार्ड जैसी सुविधाएं तक नहीं थीं। वे अपने गांव में प्रधान का चुनाव भी नहीं कर सकते थे। सीएम योगी ने इस स्थिति को आजादी के बाद भी जारी रहे उपेक्षा के दौर के रूप में बताया।

वन विभाग और पुलिस पर शोषण के आरोप, 54 बस्तियों का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में वनटांगिया समुदाय के संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि लंबे समय तक इन परिवारों को सामाजिक और प्रशासनिक उपेक्षा का सामना करना पड़ा। उनके मुताबिक, वन विभाग और पुलिसकर्मियों की ओर से भी उनका शोषण किया जाता था। सामूहिक रूप से रहने और सामान्य नागरिकों की तरह जीवन जीने में भी उन्हें कई तरह की परेशानियां उठानी पड़ती थीं।

सीएम योगी ने बताया कि गोरखपुर की 54 वनटांगिया बस्तियों में रहने वाले हजारों परिवार लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 में प्रदेश में उनकी सरकार बनने के बाद इन बस्तियों को राजस्व ग्राम का दर्जा दिया गया और वहां रहने वाले परिवारों को सरकारी योजनाओं तथा नागरिक सुविधाओं से जोड़ा गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज इन परिवारों को बिजली, पानी, सड़क, आवास और अन्य जरूरी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने वनटांगिया समुदाय से जुड़े इस अनुभव को ‘योगी की पाती’ में भी शामिल किया है

स्कूल बनवाने के लिए भी करना पड़ा संघर्ष

सीएम योगी ने वनटांगिया गांवों से जुड़ा एक और पुराना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि एक समय वहां बच्चों की पढ़ाई के लिए स्कूल तक की व्यवस्था नहीं थी। बच्चों के भविष्य को देखते हुए उन्होंने मंदिर ट्रस्ट की मदद से वन विभाग के एक पुराने शेड की मरम्मत और रंगाई-पुताई कराकर वहां स्कूल शुरू करवाया था।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस पहल के बाद तत्कालीन सरकार और वन विभाग की ओर से उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। हालांकि, उन्होंने इस मामले में संघर्ष जारी रखा और बच्चों की शिक्षा के लिए प्रयास किए।

उन्होंने कहा कि वनटांगिया समुदाय की स्थिति ने उन्हें यह सोचने पर मजबूर किया कि समाज के ऐसे कितने ही वर्ग हैं, जिन तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना जरूरी है। इसी अनुभव से उन्हें यह समझ आया कि जनता से सीधा संवाद केवल औपचारिक सूचनाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए।

कोल, गोंड, मुसहर और थारू समाज का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वनटांगिया समुदाय की तरह ही प्रदेश में कई अन्य ऐसे वर्ग हैं, जिन्हें लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं और सरकारी योजनाओं का पर्याप्त लाभ नहीं मिल पाया। इनमें कोल, गोंड, मुसहर, थारू और बुक्सा जैसे समुदाय शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि ‘योगी की पाती’ के माध्यम से ऐसे समाजों की समस्याओं को सामने लाने और उनके जीवन में बदलाव से जुड़े विषयों पर चर्चा करने का प्रयास किया गया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस पहल का मकसद समाज के हर वर्ग तक पहुंचना, उनकी अपेक्षाओं को समझना और एक विकसित तथा सांस्कृतिक रूप से समृद्ध उत्तर प्रदेश की परिकल्पना को साझा करना है।

Chhath Puja 2026: उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने खोला 36 घंटे का निर्जला व्रत, PM मोदी ने दी शुभकामनाएं

1090 परिसर में प्रदर्शनी, सात दिन तक होंगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने के अवसर पर कॉफी टेबल बुक के विमोचन के साथ लखनऊ के 1090 परिसर में विशेष प्रदर्शनी का भी वर्चुअल उद्घाटन किया गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में पाती के 50 सप्ताह के सफर, मुख्यमंत्री के संदेशों और उनसे जुड़े जनसरोकारों को तस्वीरों और रचनात्मक माध्यमों से प्रदर्शित किया जाएगा।

इसके अलावा सात दिनों तक अलग-अलग विषयों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें किसानों और खेती से जुड़े मुद्दों के लिए ‘मिट्टी की पाती’, महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए ‘बेटी की पाती’, युवाओं और रोजगार के लिए ‘नौजवान की पाती’ तथा धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के लिए ‘आस्था की पाती’ शामिल हैं।

वहीं, प्रदेश के एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो और औद्योगिक विकास को ‘रफ्तार की पाती’ के तहत दिखाया जाएगा। सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े विषय ‘सुकून की पाती’ में शामिल होंगे। अंतिम दिन ‘आपकी पाती’ के माध्यम से बीते दस वर्षों की यात्रा को गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए दर्शाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘योगी की पाती’ के जरिए उनका प्रयास प्रदेश की जनता के साथ विश्वास और अपनत्व का रिश्ता मजबूत करना है। उनके लिए यह केवल पत्रों की श्रृंखला नहीं, बल्कि 25 करोड़ प्रदेशवासियों के साथ अपने विचार, भावनाएं और अनुभव साझा करने का माध्यम है।

Related Articles

Back to top button