Political News: थार जीतने से पहले ही लौट गए घुड़सवार! अनंत सिंह की घुड़दौड़ का फाइनल अब कब होगा?
Political News: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता इन दिनों चर्चा में है। प्रतियोगिता में विजेता को सफेद महिंद्रा थार देने का ऐलान किया गया था। हालांकि, चार राउंड की दौड़ पूरी होने के बाद फाइनल मुकाबला नहीं हो सका। अब शादी समारोह खत्म होने के बाद ज्यादातर घुड़सवार अपने घोड़ों के साथ लौट चुके हैं। ऐसे में थार का विजेता कौन होगा और फाइनल रेस कब होगी, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं।
25 नवंबर को अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में उनकी बेटी शिवांगी की शादी धूमधाम से हुई। इस मौके पर घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई थी। इसमें बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, झारखंड, राजस्थान और नेपाल से घोड़े व घुड़सवार पहुंचे थे। प्रतियोगिता में पहले स्थान पर रहने वाले घुड़सवार को सफेद थार, दूसरे स्थान पर बाइक और तीसरे स्थान पर स्कूटर देने की घोषणा की गई थी।
भीड़ बढ़ने के कारण रोकनी पड़ी फाइनल रेस
घुड़दौड़ देखने के लिए मैदान में हजारों लोग जुटे थे। शुरुआती मुकाबलों में घोड़ों की रफ्तार देखने के लिए दर्शकों में जबरदस्त उत्साह रहा। लेकिन भीड़ लगातार बढ़ने के कारण मैदान में जगह कम पड़ने लगी। इससे घोड़ों और दर्शकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।
चार राउंड की दौड़ पूरी होने के बाद सुरक्षा कारणों से फाइनल मुकाबला रोकने का फैसला लिया गया। इसके बाद फाइनल रेस 26 नवंबर को कराने की बात कही गई थी। हालांकि, अगले दिन भी प्रतियोगिता का अंतिम मुकाबला नहीं हो सका।
फाइनल से पहले ही वापस लौट गए घुड़सवार
शादी समारोह समाप्त होने के बाद प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए ज्यादातर घुड़सवार अपने घोड़ों के साथ वापस लौट गए। ऐसे में फाइनल मुकाबले के आयोजन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। प्रतियोगिता में शामिल घोड़ों को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हो रही है। कुछ वीडियो के आधार पर अलग-अलग घोड़ों को विजेता बताया जा रहा है, लेकिन आधिकारिक तौर पर किसी को विजेता घोषित नहीं किया गया है।
Political News: परिसीमन बिल के विरोध में राहुल गांधी की डीएमके से अपील, विपक्षी एकजुटता पर दिया जोर
बारूद, करण-अर्जुन और वैशाली एक्सप्रेस रहे चर्चा में
इस प्रतियोगिता में गया जिले से आया बारूद नाम का घोड़ा काफी चर्चा में रहा। उसके संचालक का दावा है कि बारूद पिछले डेढ़ साल में 15 से अधिक रेस जीत चुका है। वहीं, प्रयागराज से आए करण और अर्जुन नाम के दो सगे भाई घोड़े भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे।
इसके अलावा वैशाली से आए मुकेश और उनके घोड़े वैशाली एक्सप्रेस की भी सोशल मीडिया पर चर्चा रही। प्रतियोगिता में कई चर्चित घोड़ों के शामिल होने से मुकाबले को लेकर लोगों की उत्सुकता और बढ़ गई थी।
आयोजकों के पास अब भी है थार
घुड़दौड़ का सबसे बड़ा आकर्षण सफेद महिंद्रा थार थी। लेकिन फाइनल मुकाबला नहीं होने के कारण अब तक विजेता का नाम सामने नहीं आया है। थार की चाबी किस घुड़सवार को मिलेगी, यह सवाल अब भी बना हुआ है।
सोशल मीडिया पर कुछ घोड़ों को विजेता बताने वाले वीडियो और दावे सामने आ रहे हैं। हालांकि, फाइनल रेस नहीं होने और आधिकारिक घोषणा के अभाव में किसी भी घोड़े को विजेता मानना सही नहीं होगा। अब सबकी नजर आयोजकों के अगले फैसले पर है। देखना होगा कि नदवां की इस चर्चित घुड़दौड़ का फाइनल कब कराया जाता है और सफेद थार किसके नाम होती है।



