Entertainment News: तलाक का खुलासा करने के बाद शो में फूट-फूटकर रोईं आकांक्षा चमोला, बोलीं- ‘मैंने अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा सीक्रेट बता दिया’
'लॉक अप 2' में अपनी शादी टूटने का खुलासा करने वाली आकांक्षा चमोला अब भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि उनका सीक्रेट उनकी पूरी जिंदगी बदल सकता है।
Entertainment News: टीवी अभिनेता गौरव खन्ना की पत्नी और अभिनेत्री आकांक्षा चमोला इन दिनों रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने राष्ट्रीय टेलीविजन पर अपनी शादी और तलाक को लेकर बड़ा खुलासा किया था। अब शो के नए एपिसोड में वह अपनी जिंदगी के उसी राज का जिक्र करते हुए भावुक हो गईं और कैमरे के सामने फूट-फूटकर रो पड़ीं।
‘मैंने अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा सीक्रेट बताया’
शो के दौरान एक टास्क के बाद आकांक्षा चमोला और हर्षद चोपड़ा की रणनीति पर सवाल उठाए गए। इसी दौरान आकांक्षा ने कहा कि खुद को सुरक्षित करना उनके लिए आसान फैसला नहीं था।
भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी का ऐसा सीक्रेट दुनिया के सामने रखा है, जो उनकी पूरी जिंदगी बदल सकता है। उनके मुताबिक, यह फैसला उनके लिए बेहद कठिन और दर्दभरा था।
शो में छलक पड़े आंसू
अपनी बात कहते-कहते आकांक्षा की आंखें भर आईं और वह रोने लगीं। उन्हें भावुक देख शो के बाकी कंटेस्टेंट्स ने संभालने की कोशिश की।
इसी दौरान शो के होस्ट रितेश देशमुख ने कहा कि आकांक्षा का सीक्रेट दर्शकों को पता है, लेकिन घर के कंटेस्टेंट्स अभी उससे अनजान हैं। उन्होंने आकांक्षा को यह विकल्प भी दिया कि यदि वह चाहें तो अपना सीक्रेट सभी प्रतिभागियों के सामने भी साझा कर सकती हैं।
तलाक को लेकर किया था बड़ा खुलासा
इससे पहले आकांक्षा चमोला ने शो में खुलासा किया था कि वह और उनके पति गौरव खन्ना अब अलग हो चुके हैं और दोनों तलाक की प्रक्रिया में हैं।
उन्होंने बताया कि दोनों पिछले करीब एक साल से अलग रह रहे हैं। हालांकि, उनके बीच किसी तरह की कड़वाहट नहीं है और दोनों आज भी एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। आकांक्षा के मुताबिक, दोनों के भविष्य को लेकर विचार अलग-अलग हैं, इसलिए उन्होंने अलग होने का फैसला लिया।
गौरव खन्ना की नहीं आई प्रतिक्रिया
आकांक्षा के इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। हालांकि, अब तक गौरव खन्ना की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Written By: Ekta Verma



