Amit Shah: SIR विवाद पर अमित शाह का राहुल गांधी पर हमला, बोले- ‘भीड़शाही से जनादेश नहीं झुठलाया जा सकता’
Amit Shah: अमित शाह ने विपक्षी प्रदर्शनों को लेकर राहुल गांधी को घेरा और कहा कि चुनाव जीतना है तो धरना-प्रदर्शन छोड़ जनता के बीच रहें।
Amit Shah: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ‘एसआईआर’ (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष द्वारा दिल्ली में किए जा रहे प्रदर्शनों को लेकर तीखा हमला बोला है। दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में यमुना की सफाई से जुड़ी 8,941 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत के अवसर पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने विपक्ष और खास तौर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया।
‘भीड़शाही और राजनीतिक हथकंडों से जनादेश नहीं झुठलाया जा सकता’ अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “इस प्रकार के राजनीतिक हथकंडों से और भीड़शाही से आप देश के जनादेश को झुठला नहीं सकते। अगर चुनाव जीतना है, तो लोगों के बीच में रहिए, जनता के दुख-दर्द की सुध लीजिए। सिर्फ धरना-प्रदर्शन करने से कुछ नहीं होता।” उन्होंने चेतावनी देते हुए आगे कहा कि जनता की पीड़ा और अव्यवस्था को दूर करने के लिए जहां से भी आप चुनकर आए हैं, वहां विकास योजनाएं लाइए और काम करिए, वरना आपका जो थोड़ा-बहुत बचा-खुचा आधार बचा है, वह भी खत्म हो जाएगा और कोई आपको नहीं बचा पाएगा।
‘वोट चोरी का बहाना बनाकर घुसपैठियों को बचाना चाहते हैं’ गृह मंत्री ने विपक्ष के ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्षी पार्टियां यह झूठा प्रोपेगेंडा फैलाती हैं कि बीजेपी लोकप्रिय वोटों से नहीं बल्कि वोट चोरी करके जीतती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “राहुल जी, देश आपको और आपके साथियों को अच्छी तरह समझ चुका है। आप ‘वोट चोरी’ का बहाना बनाकर असल में घुसपैठियों के वोटों को बचाना चाहते हैं।”
बीजेपी नेता ने गिनाया राज्यों का चुनावी इतिहास कांग्रेस पार्टी के आरोपों पर सवाल उठाते हुए अमित शाह ने कहा कि विपक्ष कभी ईवीएम पर ठीकरा फोड़ता है तो कभी वोट चोरी का बहाना बनाता है। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों का पुराना चुनावी इतिहास गिनाते हुए कहा:
-
गुजरात में 41 साल से कांग्रेस की सरकार नहीं बनी है।
-
उत्तर प्रदेश में भी 41 साल से वे चुनाव नहीं जीते हैं।
-
पश्चिम बंगाल में 54 साल और तमिलनाडु में 64 साल से वे सत्ता से बाहर हैं।
-
राजस्थान और मध्य प्रदेश में 28 साल से उनकी पूर्ण बहुमत की सरकार नहीं बनी है।
अमित शाह ने सवाल किया कि क्या यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र की सत्ता में आने से पहले से शुरू नहीं हुआ था? उन्होंने कटाक्ष किया कि वे कहते हैं कि अमित शाह को कैसे मालूम पड़ जाता है कि अगले 30 साल तक उनकी सरकार नहीं आने वाली है? इस पर शाह ने चुटकी लेते हुए कहा, “अरे भाई! अमित शाह यहीं जन्मा है, यहीं रहता है और यहीं मरेगा। मुझे हर छह महीने में विदेश नहीं भागना पड़ता, मैं देश की जनता के बीच ही रहता हूं। आपकी नकारात्मक राजनीति को देखते हुए ही मैं कह रहा हूं कि आने वाले 30 सालों तक आपकी सरकार नहीं बनने वाली।”
विपक्ष के ‘दोहरे मानदंडों’ पर साधा निशाना अमित शाह ने विपक्षी दलों के दोहरे रवैये पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जहां वे चुनाव जीत जाते हैं, वहां मतदाता सूची, ईवीएम और चुनाव आयोग सब अच्छे हो जाते हैं:
-
केरल, तेलंगाना या हिमाचल प्रदेश में जीत मिलने पर चुनाव आयोग अच्छा हो जाता है।
-
इसके विपरीत, जिन राज्यों में चुनाव हार जाते हैं, वहां चुनाव आयोग पर सवाल उठाए जाने लगते हैं।
-
यही नहीं, अदालत के फैसले पक्ष में होने पर न्यायपालिका अच्छी लगती है और विरोध में आने पर उस पर भी अंगुली उठाई जाती है।
गृह मंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि इस तरह के दोहरे मानदंड अब नहीं चलेंगे और देश की जनता विपक्ष की हर चाल को भली-भांति देख और समझ रही है।



