Crime News: बरेली में सोते परिवार पर तेजाब हमला, शादी से इनकार करने पर आरोपी ने उठाया खौफनाक कदम

Crime News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के शीशगढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला और उसके परिवार पर तेजाब हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी का प्रस्ताव ठुकराने से नाराज एक व्यक्ति ने रात में सो रहे परिवार पर तेजाब फेंक दिया।

इस हमले में महिला, उसका पति और दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए।

छत के रास्ते घर में घुसा आरोपी

पीड़िता लक्ष्मी ने बताया कि घटना के समय पूरा परिवार घर में सो रहा था। सभी लोग मच्छरदानी लगाकर चारपाई पर लेटे हुए थे।

इसी दौरान आरोपी उमेश कश्यप छत के रास्ते घर में घुसा और मच्छरदानी के ऊपर से तेजाब फेंक दिया। अचानक हुए हमले से परिवार में चीख-पुकार मच गई।

लंबे समय से परेशान कर रहा था आरोपी

लक्ष्मी के मुताबिक आरोपी काफी समय से उसे परेशान कर रहा था। वह शादी का दबाव बना रहा था, जबकि दोनों पहले से शादीशुदा थे।

पीड़िता ने बताया कि आरोपी के पांच बच्चे हैं। इसके बावजूद वह लगातार धमकी देता था। लक्ष्मी ने साफ कहा था कि वह अपने पति और बच्चों के साथ खुश है, लेकिन आरोपी ने इसे स्वीकार नहीं किया।

महिला का आरोप है कि आरोपी ने पहले भी जान से मारने की धमकी दी थी।

Crime News: बेगूसराय में 15 करोड़ के साइबर फ्रॉड का खुलासा, 205 शिकायतों के बाद आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने घेराबंदी कर किया गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस को सूचना मिली कि उमेश कश्यप नहर के पास छिपा हुआ है।

जब पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए।

अस्पताल में चल रहा इलाज

घायल महिला और उसके परिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं घायल पुलिसकर्मी और आरोपी का भी इलाज कराया गया।

पुलिस का कहना है कि इलाज के बाद आरोपी को जेल भेजा जाएगा।

महिलाओं की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर मुद्दों को सामने ला दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Back to top button