Bollywood News: रामायण’ की ‘आदिपुरुष’ से तुलना ठीक नहीं, असफलता स्वीकारने में शर्म नहीं: मनोज मुंतशिर
Bollywood News: Comparing 'Adipurush' to 'Ramayan' is not right; there is no shame in accepting failure: Manoj Muntashir
Bollywood News:रणबीर कपूर अभिनीत बहुप्रतीक्षित पौराणिक फिल्म ‘रामायण’ के ट्रेलर रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर इसकी तुलना प्रभास स्टारर ‘आदिपुरुष’ से की जा रही है। इस बीच ‘आदिपुरुष’ के लेखक और गीतकार मनोज मुंतशिर ने इस तुलना को अनुचित बताया है।
मनोज मुंतशिर ने कहा कि हर फिल्म अपनी अलग सोच, दृष्टिकोण और प्रस्तुति के साथ बनाई जाती है, इसलिए ‘रामायण’ की तुलना ‘आदिपुरुष’ से नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘रामायण’ के लिए उनकी ओर से शुभकामनाएं हैं और उन्हें विश्वास है कि यह फिल्म भारतीय पौराणिक कथाओं को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाएगी।
उन्होंने फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे अभिनेता यश की भी जमकर तारीफ करते हुए कहा, “यश बेहद शानदार अभिनेता हैं, इसमें कोई संदेह नहीं है।”
‘आदिपुरुष’ पर बात करते हुए मनोज ने स्वीकार किया कि फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। उन्होंने कहा, “यह मानने में कोई शर्म नहीं है कि ‘आदिपुरुष’ एक असफल प्रयास साबित हुई। फिल्म से जुड़े सभी लोगों ने पूरी मेहनत की थी, लेकिन नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे।”
फिल्म के संगीत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि ‘आदिपुरुष’ का संगीत लोगों तक पहुंचा और लोकप्रिय हुआ। साथ ही उम्मीद जताई कि ‘रामायण’ का संगीत भी उसी स्तर का होगा, बल्कि उससे आगे जाएगा। उल्लेखनीय है कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ का संगीत ए.आर. रहमान और हॉलीवुड के दिग्गज संगीतकार हंस जिमर ने तैयार किया है। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल, रवि दुबे और लारा दत्ता प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म दिवाली 2026 के अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



