Budget 2026 : आम आदमी को क्या मिला? जानिए टैक्स, दवाइयों, किसानों, छात्रों और निवेशकों के लिए बड़े ऐलान
Budget 2026 : Budget 2026-27 में आम आदमी के लिए क्या है? जानिए टैक्स स्लैब, दवाइयों की कीमत, किसानों, छात्रों और निवेशकों के लिए सरकार के बड़े ऐलान।
Budget 2026 : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में 81 मिनट का बजट भाषण देते हुए केंद्रीय बजट 2026-27 पेश किया। इस बजट में भले ही इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया, लेकिन सरकार ने आम आदमी को राहत देने वाले कई अहम उपायों की घोषणा की।
वित्त मंत्री ने बताया कि बजट तीन बड़े “कर्तव्यों” पर आधारित है – आर्थिक विकास को गति देना, लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के विजन को मजबूत करना।
किसानों के लिए क्या खास
बजट 2026 में किसानों के लिए नारियल संवर्धन योजना की घोषणा की गई, जिससे उत्पादन और उत्पादकता बढ़ेगी। इसके साथ ही काजू और कोको के लिए विशेष कार्यक्रम शुरू करने का ऐलान किया गया है, जिसका मकसद भारत को इन फसलों में आत्मनिर्भर बनाना और निर्यात बढ़ाना है।
दवाइयां हुईं सस्ती
सरकार ने 17 कैंसर रोधी दवाओं पर बेसिक कस्टम ड्यूटी हटाने का फैसला किया है। इसके अलावा, 7 दुर्लभ बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं और मेडिकल न्यूट्रिशन पर भी आयात शुल्क में छूट दी गई है, जिससे मरीजों पर आर्थिक बोझ कम होगा।
आयकर दाताओं को क्या राहत
इनकम टैक्स स्लैब में बदलाव नहीं किया गया, लेकिन संशोधित ITR दाखिल करने की तारीख 31 दिसंबर से बढ़ाकर 31 मार्च कर दी गई है। पुनर्मूल्यांकन के बाद भी अपडेटेड रिटर्न फाइल करने की अनुमति दी गई है, जिससे मुकदमेबाजी कम होगी।
F&O ट्रेडर्स को झटका
फ्यूचर्स और ऑप्शंस में बढ़ती सट्टेबाजी को देखते हुए सरकार ने STT बढ़ाने का फैसला किया है।
फ्यूचर्स पर STT: 0.02% से बढ़ाकर 0.05%
ऑप्शंस पर STT: 0.15%
छात्रों के लिए राहत
विदेश में पढ़ाई के लिए भेजी जाने वाली राशि पर TCS घटाकर 2% कर दिया गया है। इसके अलावा सरकार ने Education to Employment स्थायी समिति, पूर्वी भारत में नया NID, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के पास 5 यूनिवर्सिटी टाउनशिप, की घोषणा की है।
बैंकिंग सेक्टर में सुधार
बैंकिंग सुधारों के लिए एक हाई-लेवल कमेटी बनाई जाएगी। साथ ही, PFC और REC जैसे पब्लिक सेक्टर NBFCs का पुनर्गठन किया जाएगा ताकि उनकी कार्यक्षमता बढ़ सके।
कुल मिलाकर, बजट 2026-27 में टैक्स में राहत भले सीमित रही हो, लेकिन स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और बैंकिंग सुधारों के जरिए आम आदमी को सीधे लाभ पहुंचाने की कोशिश की गई है।



