adevertisment Adevertiisment banner

Bypolls : छह राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव, मतदान जारी

नई दिल्ली: छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह से मतदान जारी है. बिहार के मोकामा और गोपालगंज, महाराष्ट्र के अंधेरी (पूर्व), हरियाणा के आदमपुर, तेलंगाना के मुनूगोड़े, उत्तर प्रदेश के गोला गोकर्णनाथ और ओडिशा के धामनगर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए मतदान जारी है. प्राधिकारियों ने मतदान के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं. जिन क्षेत्रों में उपचुनाव हो रहे हैं, उनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पास तीन, कांग्रेस के पास दो और शिवसेना एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पास एक-एक सीट थी. इन उपुचनाव के नतीजों से विधानसभाओं में राजनीतिक दलों की स्थिति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा, लेकिन उन्होंने इसे हल्के में नहीं लिया है और आक्रामक तरीके से चुनाव प्रचार किया है. मतों की गिनती छह नवंबर को होगी.
तेलंगाना में टीआरएस उम्मीदवार कुसुकुंतला प्रभाकर रेड्डी, भाजपा उम्मीदवार कोमाटिरेड्डी राज गोपाल रेड्डी और कांग्रेस उम्मीदवार पलवई श्रावंथी ने मुनुगोडे उपचुनाव के लिए अपना वोट डाला. तेलंगाना की मुनुगोडे सीट पर भी उपचुनाव हो रहा है. लेकिन मतदान से पहले तेलंगाना पुलिस ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बंदी संजय को अब्दुल्लापुरमेट थाना क्षेत्र से हिरासत में ले लिया है. बंदी संजय ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी टीआरएस पार्टी के मंत्री और नेता चुनाव नियमों का उल्लंघन करके लोगों को डरा रहे हैं या उन्हें लालच दे रहे हैं. बार-बार जानकारी देने के बावजूद पुलिस इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है. इसके खिलाफ जब बीजेपी नेताओं ने प्रदर्शन किया, तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया. उधर, मुनुगोड़े से भाजपा के उम्मीदवार राजगोपाल रेड्डी ने सत्ताधारी टीआरएस पार्टी पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए रिटर्निंग कैंप अधिकारी कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया.
बीजू जनता दल (बीजद) शासित ओडिशा में मौजूदा विधायक के निधन से खाली हुई धामनगर सीट पर सहानुभूति का लाभ उठाने के लिए भाजपा ने दिवंगत विधायक के बेटे को उम्मीदवार बनाया है. तेलंगाना की मुनूगोड़े सीट पर भाजपा और राज्य में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) ने आक्रामक तरीके से प्रचार किया है. यह सीट कांग्रेस विधायक द्वारा त्यागपत्र देने से खाली हुई थी और अब वह भाजपा के टिकट पर दोबारा चुनाव मैदान में हैं. अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने बृहद पैमाने पर मतदान की तैयारी की है, जिसके तहत राज्य पुलिस के 3,366 जवानों की तैनाती के अलावा मुनूगोड़े में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 15 कंपनी को तैनात किया गया है. सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्ट की व्यवस्था की गई है.
महाराष्ट्र में मुंबई के अंधेरी (पूर्वी) विधानसभा क्षेत्र के लिए उपचुनाव भाजपा उम्मीदवार के पिछले महीने मैदान से हटने के बाद महज औपचारिकता भर है. उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना धड़े की उम्मीदवार ऋतुजा लटके के अब आराम से जीत दर्ज करने की उम्मीद है. उनके खिलाफ छह उम्मीदवार हैं, जिनमें से चार निर्दलीय हैं. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस ने लटके की उम्मीदवारी का समर्थन किया है. इस साल मई में ऋतुजा लटके के पति एवं शिवसेना विधायक रमेश लटके के निधन के कारण अंधेरी (पूर्वी) सीट पर उपचुनाव जरूरी हो गया था.
एकनाथ शिंदे और 39 अन्य विधायकों की बगावत से शिवसेना के दो खेमों में बंटने और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार के गिरने के बाद राज्य में यह पहला चुनाव है. निर्वाचन आयोग ने तेलंगाना के मुख्य चुनाव अधिकारी को विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों के जरिये मुनूगोडे सीट पर होने वाले मतदान पर करीबी नजर रखने का निर्देश दिया है. टीआरएस ने हाल ही में पार्टी का नाम बदलकर भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) किया है, जिसका उद्देश्य खुद को राष्ट्रीय राजनीति में स्थापित करना है. इस चुनाव में हार मिलने की स्थिति में उसकी राष्ट्रीय राजनीति में भूमिका निभाने की योजना को झटका लगेगा. वहीं, भाजपा खुद को राज्य में टीआरएस के विकल्प के तौर पर पेश करने की योजना पर काम कर रही है और मुनूगोडे सीट पर जीत मिलने पर उसे बल मिलेगा. इस उपचुनाव में 47 उम्मीदवार मैदान में है, लेकिन मुख्य मुकाबला राजगोपाल रेड्डी, टीआरएस के पूर्व विधायक कुसुकुंतला प्रभाकर रेड्डी और कांग्रेस की पी श्रवंती के बीच दिखने की उम्मीद है.

Related Articles

Back to top button