adevertisment Adevertiisment banner

Chhindwara- मप्र के छिंदवाड़ा में खुदाई के दौरान कुआं धंसा, तीन मजदूर मलबे में दबे, रेस्क्यू जारी

Chhindwara-  मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में स्थित ग्राम खुनाझिर खुर्द में मंगलवार को दोपहर में एक खेत में खुदाई के दौरान कुआं धंस गया, जिससे वहां काम कर रहे छह मजदूर मलबे में दब गए। इनमें तीन तो किसी तरह बाहर निकल गए, लेकिन एक महिला समेत तीन मजदूर अंदर ही फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रात करीब 10.30 बजे तक तीनों मजदूरों को निकाला नहीं जा सका है। फिलहाल रेस्क्यू जारी है। रात करीब 10 बजे भोपाल से एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई है।

पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय ने बताया कि खुनाझिर खुर्द में गांव में ऐशराव वस्त्राणे के खेत में कुएं को गहरा करने के लिए राजस्थान और भोपाल की टीम को ठेका दिया था। यहां रायसेन और बुदनी से मजदूर काम करने आए थे। मंगलवार को दोपहर में यहां खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक कुआं धंस गया और मजदूर मलबे में दब गए। उन्होंने मजदूर 30 फीट की गहराई में फंसे हुए हैं। वे अंदर से आवाज लगा रहे हैं कि पत्थर जल्दी से हटा दो। प्रशासन ने उन्हें जल्द बाहर निकालने का भरोसा दिलाया है।

छिंदवाड़ा एसडीएम सुधीर जैन ने बताया कि राहत कार्य में जेसीबी मशीन का उपयोग किया जा रहा है। दबे लोगों की पहचान राशिद, वासिद (दोनों 18 वर्ष) और सहजादी (50 ) के रूप में हुई है। तीनों लोग नर्मदापुरम जिले के बुधनी के निवासी हैं। स्थानीय प्रशासन और राहत दल तेजी से बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। रेस्क्यू टीम का कहना है कि मलबा हटाने का काम सावधानीपूर्वक किया जा रहा है ताकि दबे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद हैं। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की है।

जिला प्रशासन ने डॉक्टर्स की टीम को बुलवाया

रेस्क्यू टीम ने प्रशासनिक अधिकारियों को बताया कि एहतियातन मैनुअल निकाला जाएगा। निकालने के तुरंत बाद प्राथमिक उपचार के लिए डॉक्टर्स की टीम को कुएं के पास बुलाया गया है। छिंदवाड़ा कलेक्टर शीलेंद्र सिंह ने बताया कि कुएं के गहरीकरण के दौरान मलबा गिरने से तीन लोग दब गए। तीनों के सिर मलबे के ऊपर है। रेस्क्यू टीम धीरे-धीरे मलबा हटा रही है। मौके पर एंबुलेंस और ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ डॉक्टरों की टीम मौजूद हैं। उन्हें जल्द निकाल लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button