Dhruv Jurel Century: जय जवान, जय किसान! कारगिल योद्धा के बेटे ध्रुव जुरेल ने शतक के बाद दिखाया खास टैटू, देश को दिया भावुक संदेश

श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में ध्रुव जुरेल ने शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया। शतक पूरा करने के बाद उन्होंने अपनी बांह पर बना ‘जय जवान, जय किसान’ का टैटू दिखाकर पिता और देश के वीर जवानों को सम्मान दिया।

Dhruv Jurel Century: भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मुकाबले में युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने शानदार शतक लगाकर अपनी प्रतिभा का एक बार फिर लोहा मनवाया। नंबर-7 पर बल्लेबाजी करने उतरे जुरेल ने धैर्य और आक्रामकता का शानदार मिश्रण दिखाते हुए शतकीय पारी खेली। हालांकि, उनके शतक से ज्यादा चर्चा उसके बाद किए गए सेलिब्रेशन की हो रही है।

ध्रुव जुरेल ने जैसे ही अपना दूसरा टेस्ट शतक पूरा किया, उन्होंने हेलमेट उतारा और खुशी में हवा में मुक्का लहराया। इसके बाद उन्होंने अपनी बाईं बांह उठाकर बाइसेप्स पर बना ‘जय जवान, जय किसान’ का टैटू दिखाया। जुरेल का यह अंदाज देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया।

उनका यह टैटू देश के जवानों और किसानों को समर्पित है। जुरेल के लिए यह संदेश इसलिए भी खास है क्योंकि उनके पिता नेम सिंह जुरेल भारतीय सेना में रह चुके हैं और कारगिल युद्ध में भी हिस्सा ले चुके हैं।

ध्रुव जुरेल के पिता नेम सिंह जुरेल भारतीय सेना के पूर्व जवान हैं। उन्होंने कारगिल युद्ध के दौरान देश की सेवा की थी। ऐसे में ध्रुव का ‘जय जवान, जय किसान’ टैटू उनके पारिवारिक संस्कारों और देश के प्रति सम्मान को भी दर्शाता है।

शतक पूरा करने के बाद मैदान पर मौजूद मोहम्मद सिराज ने भी ध्रुव जुरेल को गले लगाकर उनकी इस उपलब्धि की खुशी साझा की।

ध्रुव जुरेल ने इस शतक के साथ एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वह श्रीलंका की धरती पर नंबर-7 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।

Sports News: इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पारी और 103 रन से रौंदा, तीन दिन में जीता हेडिंग्ले टेस्ट

इससे पहले यह उपलब्धि हार्दिक पंड्या ने हासिल की थी। पंड्या ने 2017 में पल्लेकेले में नंबर-7 पर बल्लेबाजी करते हुए 108 रन की पारी खेली थी।

इसके अलावा दिसंबर 2024 में मेलबर्न में नितीश कुमार रेड्डी के 114 रन के बाद ध्रुव जुरेल भारत के लिए नंबर-7 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने हैं।

ध्रुव जुरेल की पारी ऐसे समय आई जब टीम इंडिया को निचले क्रम से मजबूत बल्लेबाजी की जरूरत थी। उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों का डटकर सामना किया और अपनी पारी के दौरान धैर्य के साथ रन बनाए।

जुरेल के इस शतक ने न सिर्फ भारत की स्थिति मजबूत की, बल्कि उनके करियर के लिए भी यह पारी बेहद महत्वपूर्ण साबित हुई। मैदान पर उनका ‘जय जवान, जय किसान’ वाला सेलिब्रेशन अब क्रिकेट प्रशंसकों के बीच खास चर्चा में है।

Related Articles

Back to top button