adevertisment Adevertiisment banner

Gwalior- आधे शहर में झमाझम हुई बारिश, बाकी में सूखा

Gwalior- मानसून प्रणालियां कमजोर होने से पिछले दो दिन से शहर में खंड बारिश हो रही है। मंगलवार को लश्कर में रिमझिम बारिश हुई थी जबकि उपनगर मुरार एवं हजीरा क्षेत्र में बूंदाबांदी भी नहीं हुई थी। बुधवार को भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिली। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि फिलहाल इसी प्रकार खंड बारिश होगी।

बुधवार को सुबह से दिन भर तेज धूप खिली रही। जिसके चलते अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। अपरान्ह लगभग पौने चार बजे से बारिश शुरू हो गई जो शाम लगभग साढ़े पांच बजे तक जारी रही। इस दौरान कभी तेज तो कभी मध्यम गति से बारिश हुई लेकिन यह बारिश लश्कर एवं सिटी सेंटर सहित शहर के चुनिंदा क्षेत्रों तक ही सीमित रही। उपनगर मुरार में सूखा पड़ा रहा जबकि हजीरा क्षेत्र में छुटपुट बूंदाबांदी हुई।

मौसम विभाग के अनुसार इस समय मानसून रेखा श्रीगंगानगर, रोहतक, उरई, देहरी, पुरुलिया से होते हुए बांग्लोदश में बने निम्न दबाव क्षेत्र तक फैली हुई है। झारखंड, गुजरात, उत्तरी बंगाल की खाड़ी में चक्रवातीय परिसंचरण बने हुए हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर से पश्चिमी विक्षोभ गुजर रहा है लेकिन इन मौसम प्रणालियों का ग्वालियर एवं चंबल संभाग में सीधा असर नहीं है। हालांकि इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से हवाओं के साथ नमी आ रही है। जिससे बादल छाए हुए हैं। ऐसे में फिलहाल स्थानीय प्रभाव से इसी प्रकार खंड बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान ग्वालियर एवं चंबल संभाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

अधिकतम पारा 34.6 डिग्री पर: बुधवार को दिन भर तेज धूप खिली रहने से अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। जिससे शहरवासियों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। शाम को आधे शहर में बारिश होने के बाद भी उमस से राहत नहीं मिली। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में आज अधिकतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 82 प्रतिशत दर्ज की गई जो औसत से 01 प्रतिशत कम है जबकि शाम को हवा में नमी 87 प्रतिशत दर्ज की गई जो औसत से 12 प्रतिशत अधिक है। एक जून से अब तक शहर में कुल 716.2 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।

Related Articles

Back to top button