adevertisment Adevertiisment banner

Varanasi News : भ्रामक खबरों पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास का खंडन, CCTV साक्ष्य जारी

Varanasi News : सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक खबरों पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने आधिकारिक खंडन जारी किया है। आरती के दौरान बैरिकेडिंग कूदने की घटना पर CCTV साक्ष्य सार्वजनिक किए गए हैं।

Varanasi News : श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने सोशल मीडिया और कुछ मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित भ्रामक खबरों को लेकर आधिकारिक खंडन जारी किया है। न्यास की ओर से स्पष्ट किया गया है कि एक व्यक्ति द्वारा एकतरफा आरोप लगाकर मंदिर की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।

क्या है पूरा मामला?

न्यास के अनुसार संबंधित व्यक्ति ने आरती के समय मंदिर परिसर में स्थापित बैरिकेडिंग को लांघने तथा गर्भगृह में प्रवेश करने का प्रयास किया था। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने नियमानुसार उसे रोका।

न्यास ने दावा किया है कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा संबंधित व्यक्ति के साथ न तो भौतिक और न ही शाब्दिक दुर्व्यवहार किया गया। पूरे घटनाक्रम के CCTV फुटेज और स्क्रीनशॉट इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया को उपलब्ध करा दिए गए हैं। उपलब्ध साक्ष्यों से स्पष्ट है कि सुरक्षा कर्मियों ने केवल अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की।

न्यास की नीति और अपवाद स्वरूप प्रतिक्रिया

न्यास ने कहा कि वह सामान्यतः आरोप-प्रत्यारोप पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं देता। पूर्व में भी ऐसे मामलों में सदाशयता और श्रद्धालुओं के हित को ध्यान में रखते हुए चुप्पी साधी गई है।

हालांकि, इस प्रकरण में बार-बार मिथ्या तथ्यों को सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और प्रिंट मीडिया पर दोहराए जाने के कारण साक्ष्य सहित खंडन जारी करना आवश्यक हो गया।

कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

न्यास ने स्पष्ट किया है कि यदि साक्ष्य जारी किए जाने के बाद भी मंदिर की छवि को धूमिल करने का प्रयास जारी रहा, तो वह विधिक कार्रवाई करने को बाध्य होगा।

साथ ही यह भी कहा गया कि यह प्रतिक्रिया अपवाद स्वरूप है और भविष्य में आरोप-प्रत्यारोप के मामलों में प्रतिक्रिया न देने की नीति को यथासंभव जारी रखा जाएगा।

अंत में न्यास ने भगवान श्री विश्वनाथ से सभी श्रद्धालुओं के कल्याण और सद्बुद्धि की प्रार्थना की है।

Related Articles

Back to top button