adevertisment Adevertiisment banner

यूपी में कानून व्यवस्था की हालत बद से बदतर : नीलम यादव

लखनऊ। प्रयागराज के एक अस्पताल में बलात्कार का आरोप लगाने वाली मरीज की मौत अभी लोग भूले भी नहीं थे कि राजधानी के लोहिया अस्पताल के स्टाफ पर रेप का आरोप लगाने वाली अमेठी की महिला की मौत हो गई। महिला की बेटी रो-रो कर सारी कहानी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को सुनाई थी। बताया था कि किस तरह लोहिया अस्पताल की घटना के बाद उसके पिता ने मां को अमेठी जिला अस्पताल मिलाकर भर्ती कराया था। इसके बाद भी जांच के लिए एक कमेटी ही बन सकी। अब पीड़िता की मौत हो चुकी है। ऐसे में सभी आरोपितों के खिलाफ अविलंब बलात्कार का मुकदमा दर्ज करके उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए। सोमवार को ये बातें आम आदमी पार्टी की महिला विंग के प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव ने कहीं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की हालत बद से बदतर हो गई है। सबसे बुरा हाल महिलाओं का है। महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। योगीराज में स्कूल जा रही लड़कियां छेड़खानी से तंग आकर खुदकुशी कर रही हैं, तो वही कहीं कोई वहशी उन्हें हवस का शिकार बना कर उनकी हत्या कर दे रहा है। अब तो अस्पतालों में भी बलात्कार की घटनाएं सुनने में आ रही हैं। अस्पतालों में अगर ऐसा होगा तो पूरी व्यवस्था से नागरिकों का विश्वास उठ जाएगा। अस्पतालों के स्टाफ पर लगने वाले बलात्कार के आरोपों का सरकार को पूरी गंभीरता के साथ संज्ञान लेना चाहिए। ऐसे मामलों में पुलिस प्रशासन को पूरी तत्परता के साथ कार्यवाही करनी चाहिए, जिससे की आम जनता का सिस्टम के प्रति विश्वास बना रहे।

लेकिन, इस सरकार में एक के बाद एक ऐसी घटनाएं सुनने को मिल रही है। अमेठी की पीड़िता के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए नीलम यादव ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आम आदमी पार्टी उनके साथ हर कदम पर खड़ी है। इस मामले में यदि शीघ्र आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करके उन्हें जेल नहीं भेजा गया तो आम आदमी पार्टी पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए उनकी लड़ाई लड़ेगी। आम आदमी पार्टी की मांग है कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच करा कर मामले में दोषी सभी आरोपितों को शीघ्र जेल भेजा जाए और पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से उचित मुआवजा दिया जाए।

Related Articles

Back to top button