Man ki Bat : ‘स्टार्टअप, गुणवत्ता, पर्यावरण से मजबूत होगा नया भारत’, मन की बात के 130वें एपिसोड में बोले मोदी
Man ki Bat : मन की बात 130 में पीएम मोदी ने स्टार्टअप इंडिया, गुणवत्ता, जन-भागीदारी, पर्यावरण संरक्षण, मिलेट्स और राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर बड़ा संदेश दिया। पढ़ें पूरी खबर।
Man ki Bat : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 130वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए गणतंत्र दिवस, स्टार्टअप इंडिया, देश की अर्थव्यवस्था, जन-भागीदारी, युवाओं की भूमिका, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, मिलेट्स और राष्ट्रीय मतदाता दिवस जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने 26 जनवरी को मनाए जाने वाले गणतंत्र दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दिन भारत के संविधान के लागू होने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह अवसर देशवासियों को संविधान निर्माताओं को नमन करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को और सशक्त करने की प्रेरणा देता है।
स्टार्टअप इंडिया के 10 साल
पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 2016 में शुरू की गई स्टार्टअप इंडिया पहल को 10 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इस दौरान भारतीय युवाओं ने इनोवेशन के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बनने की दिशा में अग्रसर है। एआई, स्पेस टेक्नोलॉजी, परमाणु ऊर्जा, सेमीकंडक्टर और उभरती तकनीकों में भारतीय स्टार्टअप वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने स्टार्टअप से जुड़े युवाओं को देश के भविष्य का मजबूत आधार बताया।
अर्थव्यवस्था और गुणवत्ता पर फोकस
देश की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अब भारत को केवल विकास ही नहीं, बल्कि गुणवत्ता के वैश्विक मानक भी स्थापित करने होंगे। उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ के साथ ‘क्वालिटी इन इंडिया’ पर जोर देते हुए कहा कि भारतीय उत्पादों की पहचान दुनिया में गुणवत्ता के प्रतीक के रूप में होनी चाहिए।
जन-भागीदारी से बदलाव की मिसाल
प्रधानमंत्री ने जन-भागीदारी के उदाहरण देते हुए उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में तमसा नदी के पुनर्जीवन और आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में जल संरक्षण प्रयासों का उल्लेख किया। अनंत नीरूं संरक्षण परियोजना के तहत 10 से अधिक जलाशयों को पुनर्जीवित किया गया है, जो सामूहिक प्रयासों की शक्ति को दर्शाता है।
युवाओं में ‘भजन क्लबिंग’ का ट्रेंड
जेन जी के बीच लोकप्रिय हो रही ‘भजन क्लबिंग’ पर चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि युवा भक्ति को अपनी जीवनशैली में शामिल कर रहे हैं। कंसर्ट और सामूहिक आयोजनों में भक्ति संगीत के जरिए आध्यात्मिकता से जुड़ाव बढ़ रहा है, जो सकारात्मक सामाजिक बदलाव का संकेत है।
संस्कृति, मतदाता और पर्यावरण
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की संस्कृति और त्योहार आज वैश्विक पहचान बना रहे हैं। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर उन्होंने मतदाताओं को लोकतंत्र की आत्मा बताते हुए मतदाता बनने को जीवन का अहम पड़ाव बताया। साथ ही मिलेट्स के बढ़ते उपयोग, स्वच्छता अभियानों और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे पर्यावरणीय प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक देश में 200 करोड़ से अधिक पेड़ लगाए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं की भागीदारी, नवाचार, गुणवत्ता और जन-भागीदारी के जरिए भारत एक सशक्त, समृद्ध और पर्यावरण-संवेदनशील राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है।



