Mirzapur Truck Accident: बेकाबू ट्रक घर में घुसा, 3 की मौत, 2 गंभीर; हादसे के बाद बवाल

टायर फटने से अनियंत्रित हुआ ट्रक, दो लोग गंभीर घायल; पथराव में दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी घायल, जांच जारी

Mirzapur Truck Accident: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान में घुस गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन चौराहे के पास सुबह करीब तीन बजे हुआ। शुरुआती जांच में ट्रक का टायर फटना दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सीधे मकान में जा घुसा। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए दोनों घायलों को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

घटना में कुदारन निवासी 47 वर्षीय राजाराम, 70 वर्षीय सुखिया और 45 वर्षीय चादतारा की जान चली गई। वहीं 12 वर्षीय सुहानी और 45 वर्षीय सुनील शर्मा गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

‘मिर्जापुर: द मूवी’ का टीजर रिलीज, बड़े पर्दे पर लौटेंगे कालीन भैया और गुड्डू पंडित, कई नए सितारों की हुई एंट्री

हादसे के बाद गुरुवार सुबह मृतकों के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर जाम लगा दिया। इसी दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि एक पुलिसकर्मी द्वारा कथित अभद्र व्यवहार किए जाने से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।

देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और आक्रोशित भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में कई पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचा, जबकि एक दरोगा और चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज भी किया।

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button