Mp News- पाली रेंज में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला नर बाघ का शव
Mp News- वन मंडल उमरिया के बिरसिंहपुर पाली रेंज के मंगठार बीट में 4 से 5 वर्षीय युवा नर बाघ का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कम्प मच गया।
पाली एसडीओ वन दिगेन्द्र सिंह ने बताया कि पाली रेंज के मंगठार बीट के कक्ष क्रमांक आर एफ 555 में रविवार को नर बाघ का शव मिलने की सूचना मिली तो तत्काल मौके पर जाकर देखा गया और उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई। देर होने के कारण और चिकित्सकों की टीम नहीं पहुंच पाने के कारण मृत बाघ के पास वन विभाग की टीम तैनात कर दी गई है, सोमवार को जबलपुर और बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व से तीन सदस्यीय चिकित्सकों की टीम पहुंच कर मृत बाघ का पोस्टमार्टम करेगी तभी मृत्यु के कारणों का सही पता चल सकेगा, वैसे प्रथम दृष्टया दो बाघों की आपसी लड़ाई प्रतीत हो रही है, मृत बाघ के शरीर के सारे अवयव मौजूद हैं, पोस्टमार्टम के बाद सक्षम अधिकारियों के समक्ष उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
गौरतलब है कि जिले में कहीं भी और कभी भी बाघों की संदिग्ध मौत का मामला सामने आता है तो बस एक ही बात सामने आती है कि आपसी लड़ाई में मौत हो गई। जबकि दूसरे बाघ का कहीं पता नही चलता है कुछ माह या कुछ साल बाद शिकारी पकड़े जाते हैं कि इन व्यक्तियों द्वारा बाघ का अवैध शिकार किया गया था और वन विभाग की टीम ने बड़ी सफलता प्राप्त की।



