New Delhi News: दिल्ली में यमुना नदी में डूबे 4 बच्चों की तलाश जारी, दूसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन में नहीं मिला कोई सुराग
हिरणकी गांव के पास नहाने के दौरान तेज बहाव में बहे चार बच्चे, NDRF, DDMA और गोताखोर लगातार चला रहे हैं सर्च अभियान
New Delhi News: राजधानी दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र में स्थित हिरणकी गांव के पास यमुना नदी में चार बच्चों के डूबने की दर्दनाक घटना के बाद दूसरे दिन भी राहत और बचाव अभियान जारी है। विशेषज्ञ गोताखोरों, NDRF, DDMA, दिल्ली फायर सर्विस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अब तक बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
नहाने के दौरान हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार शाम पांच बच्चे यमुना नदी में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान तेज बहाव में चार बच्चे गहरे पानी में चले गए और धारा में बह गए। उनके साथ मौजूद एक अन्य बच्चे ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चारों बच्चे नदी में लापता हो चुके थे।
रात में रोका गया था रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दिल्ली फायर सर्विस और स्थानीय गोताखोरों ने तुरंत खोज अभियान शुरू किया। हालांकि, अंधेरा होने और पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण रात में कुछ घंटों बाद रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। सोमवार सुबह होते ही बचाव अभियान दोबारा शुरू कर दिया गया।
New Delhi News: दिल्ली के सरकारी कॉलेजों में स्टाफ संकट, बीएमएस ने सरकार को घेरा
NDRF और गोताखोरों की मदद से तलाश जारी
सोमवार को विशेषज्ञ गोताखोरों, NDRF, DDMA और बोट क्लब की टीमों को भी सर्च ऑपरेशन में शामिल किया गया। नदी के कई हिस्सों में बोट और गोताखोरों की मदद से तलाशी ली जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जब तक बच्चों का पता नहीं चल जाता, तब तक अभियान जारी रहेगा।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद बच्चों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी नदी किनारे मौजूद हैं और राहत कार्य पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन लगातार परिजनों को अभियान की जानकारी दे रहा है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
अलीपुर थाना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह हादसा नहाने के दौरान तेज बहाव और नदी की गहराई का सही अनुमान न लगा पाने के कारण हुआ प्रतीत होता है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।



