Budget 2026 : रिफॉर्म, रिफॉर्म और रिफॉर्म … जानिये किसे क्या मिला – क्या सस्ता और क्या हुआ महंगा
Budget 2026 : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में बजट पेश कर दिया है। वे 85 मिनट बोलीं, लेकिन आम आदमी के लिए कोई बड़ा ऐलान नहीं किया।
Budget 2026 : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में बजट पेश कर दिया है। वे 85 मिनट बोलीं, लेकिन आम आदमी के लिए कोई बड़ा ऐलान नहीं किया। हालांकि टैक्स फाइल करने में सहूलियत, रेलवे प्रोजेक्ट और 3 नए आयुर्वेदिक एम्स जैसी नई बातें कही हैं।
बजट भाषण में कोई सीधा चुनावी ऐलान भी नहीं हुआ। सीतारमण लोकसभा में तमिलनाडु की प्रसिद्ध कांजीवरम साड़ी पहनकर पहुंचीं जरूर, लेकिन इसी साल होने वाले पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी चुनाव पर सीधा असर डालने वाली घोषणाएं नहीं कीं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहले बजट में वित्त मंत्री ने जियो-पॉलिटिक्स और चुनौतियों की बात कही और देश का रक्षा बजट 6.81 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 7.85 लाख करोड़ रुपये कर दिया। यानी कुल डिफेंस बजट में 15.2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
डिफेंस बजट की खास बात यह है कि हथियार खरीदी और सेना के आधुनिकीकरण पर पिछले साल के 1.80 लाख करोड़ रुपये के मुकाबले इस बार 2.19 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह पूंजीगत खर्च में सीधे 22 फीसदी की बढ़ोतरी है।
बजट की सबसे बड़ी घोषणाएं
- इनकम टैक्स स्लैब में बदलाव नहीं। रिवाइज्ड रिटर्न फाइल करने के लिए 3 महीने का ज्यादा समय दिया। यानी अब 31 दिसंबर के बदले 31 मार्च तक रिवाइज्ड रिटर्न फाइल कर सकते हैं।
- कैंसर की 17 दवाओं पर से आयात शुल्क हटाया। अभी 5 फीसदी शुल्क लगता था। हीमोफीलिया, सिकल सेल और मस्कुलर डिस्ट्रॉफी जैसी 7 दुर्लभ बीमारियों की दवाइयां भी ड्यूटी फ्री।
- डिफेंस बजट 6.81 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 7.85 लाख करोड़ रुपये, यानी 15.2 फीसदी की बढ़ोतरी। हथियार खरीदी और आधुनिकीकरण पर पिछले साल के 1.80 लाख करोड़ रुपये के मुकाबले इस साल 2.19 लाख करोड़ रुपये खर्च होंगे, यानी 22 फीसदी की बढ़ोतरी।
- 7 हाईस्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा। इनमें मुंबई -पुणे, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबाद-चेन्नई, चेन्नई-बेंगलुरु, दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलिगुड़ी।
- 3 आयुर्वेदिक एम्स खोले जाने की घोषणा। मेडिकल टूरिज्म को बढ़ाने के लिए 5 मेडिकल हब भी बनेंगे।
- 5 लाख से ज्यादा आबादी वाले टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास के लिए 12.2 लाख करोड़ रुपये खर्च करने का ऐलान।
- 15 हजार सेकेंडरी स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब्स बनाई जाएंगी।
- करीब 800 जिलों में लड़कियों के लिए हॉस्टल बनेंगे। हर जिले में एक हॉस्टल बनाया जाएगा।
ये चीजें होंगी सस्ती
- विदेशी पर्यटन पैकेज: टीसीएस 5-20 फीसदी से घटाकर 2 फीसदी
- विदेश में शिक्षाः लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम के तहत शिक्षा संबंधी खर्चों पर टीडीएस में कमी
- अल्कोहलिक लिकर और कुछ खनिजः कस्टम ड्यूटी 5 फीसदी से घटाकर 2 फीसदी
- जूते के ऊपरी हिस्से के निर्यातः उत्पादन के लिए ड्यूटी-फ्री आयात
- एनर्जी ट्रांजिशन कमीशनः बेसिक कस्टम ड्यूटी छूट
- सोलर ग्लास इंटीग्रेटेटः बीसीड छूट
- महत्वपूर्ण खनिजों के लिए पूंजीगत वस्तुएं : बीसीडी छूट
- सिविलियन एयरक्राफ्ट निर्माण के लिए पुर्जे और पार्ट्स: बीसीडी छूट
- माइक्रोवेव ओवनः बीसीडी छूट
- व्यक्तिगत उपयोग के लिए आयातः बीसीडी 20 फीसदी से घटाकर 10 फीसदी
- दुर्लभ और कैंसर की दवाइयां: बीसीडी छूट
- भारतीय जलक्षेत्र में मछली पकड़नाः बीसीडी छूट
- न्यूक्लियर पावर प्रोजेक्ट्स के लिए आयातित सामानः बीसीडी छूट
इस बजट में महंगे हुए आइटम और टैक्स
- आयकर गलत रिपोर्टिंगः जुर्माना 100 फीसदी टैक्स राशि तक बढ़ाया गया
- चल संपत्ति का खुलासा न करने परः अब जुर्माना लागू
- स्टॉक ऑप्शन और फ्यूचर्स ट्रेडिंगः सिक्योरिटीज ट्रांजेक्शन टैक्स 0.02 फीसदी से बढ़ाकर 0.05 फीसदी



