UP Politics: ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला, PDA-KDA का जिक्र कर लगाए गंभीर आरोप, 2027 चुनाव पर किया बड़ा दावा
सोशल मीडिया पोस्ट में ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, समर्थकों पर लगाए गंभीर आरोप; बोले- 2027 में बहुजन समाज सपा को देगा जवाब।
UP Politics: उत्तर प्रदेश की राजनीति में जुबानी जंग लगातार तेज होती जा रही है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए अपने पोस्ट में राजभर ने अखिलेश यादव को ‘राजा बाबू’ कहकर संबोधित किया और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए। साथ ही उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को प्रदेश से ‘सफाचट’ कर दिया जाएगा।
राजभर ने अपने पोस्ट में लिखा कि उन्हें पता है कि सपा समर्थकों का एक वर्ग “लाठी को तेल पिला रहा है” तो दूसरा “चाकू और तलवार में धार” लगा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले लगभग दस वर्षों से कुछ लोग सरकार बदलने का इंतजार कर रहे हैं ताकि सत्ता में आते ही बहुजन समाज को निशाना बनाया जा सके।
PDA और KDA को लेकर भी साधा निशाना
ओपी राजभर ने अपने पोस्ट में PDA और KDA का जिक्र करते हुए भी समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता मिलने पर बहुजन समाज की कई जातियों को निशाना बनाया जाएगा। राजभर ने दावा किया कि पाल, प्रजापति, बिंद, केवट, मल्लाह, राजभर, निषाद, मांझी, दर्जी, तेली, लोनिया, फकीर और बंजारा समाज जैसे समुदाय सबसे अधिक प्रभावित होंगे।
लगाए गंभीर आरोप
राजभर ने आरोप लगाया कि सरकार बदलने की स्थिति में दंगे कराए जा सकते हैं, बहुजन समाज के लोगों के घरों और जमीनों पर कब्जे की कोशिश हो सकती है और उनके परिवारों को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पिछले कई वर्षों से बहुजन समाज की जमीनों और संपत्तियों पर नजर बनाए हुए हैं।
2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा
अपने पोस्ट के आखिर में ओपी राजभर ने दावा किया कि बहुजन समाज इस बार समाजवादी पार्टी को मौका नहीं देगा। उन्होंने लिखा कि “2017 में हारे, 2022 में पिटे और 2027 में समाजवादी पार्टी को पूरी तरह सफाचट करेंगे।” साथ ही उन्होंने कहा कि बहुजन समाज अपने घर, जमीन और सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट रहेगा।
पहले भी कई बार आमने-सामने आ चुके हैं दोनों नेता
गौरतलब है कि ओपी राजभर और अखिलेश यादव के बीच पिछले कुछ समय से लगातार बयानबाजी देखने को मिल रही है। दोनों नेता सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों से एक-दूसरे पर राजनीतिक हमले करते रहे हैं। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में यह जुबानी जंग और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
Written By: Ekta Verma



