UP Crime News: पिढ़वल मोड़ पर सड़क हादसे में महिला की मौत, प्रदर्शनकारियों पर पुलिस का लाठीचार्ज

चक्काजाम के दौरान पुलिस और प्रशासनिक टीम पर पथराव, एसडीएम और सीओ बाल-बाल बचे

UP Crime News: घोसी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत पिढ़वल मोड़ फोरलेन पर शनिवार को सड़क पार करते समय एक अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्ध महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने फोरलेन पर बांस-बल्ली लगाकर कई घंटों तक चक्काजाम कर दिया। जाम हटाने पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम पर पथराव किए जाने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान पथराव में एसडीएम और सीओ बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार, घोसी कोतवाली क्षेत्र के सेमराडाढ़ निवासी शांति चौहान (55 वर्ष) शनिवार को पिढ़वल मोड़ पर लगने वाले साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने जा रही थीं। जैसे ही वह फोरलेन सड़क पार करने लगीं, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला उछलकर काफी दूर जा गिरीं और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

पिढ़वल मोड़ पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और मौतों से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा इस घटना के बाद फूट पड़ा। लोगों ने सड़क पर बांस-बल्ली रखकर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। चक्काजाम के चलते फोरलेन के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

समझाने पहुंचे अधिकारी, फिर हुआ पथराव

चक्काजाम की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा और उपनिरीक्षक अशोक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। मामला बढ़ता देख एसडीएम अशोक कुमार सिंह और सीओ जितेंद्र सिंह भी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

UP Crime News: ग्राम सभा की बंजर भूमि पर भूमाफियाओं का कब्जा, अवैध निर्माण कर बेच डाली सरकारी जमीन!

अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और उनकी मांगों से उच्चाधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे। इसी दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पुलिस व प्रशासनिक टीम पर पथराव शुरू कर दिया।

पथराव के दौरान एसडीएम और सीओ ईंट-पत्थरों की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया और करीब दो घंटे से अधिक समय बाद जाम को समाप्त कराया।

पुलिस जांच में जुटी

कोतवाली पुलिस ने मृतका शांति चौहान के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश के साथ-साथ पथराव में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button