Pratapgarh News: सौरभ विश्वकर्मा के परिवार से मिला सपा प्रतिनिधिमंडल, 2.05 लाख रुपये की आर्थिक मदद का चेक सौंपा
Pratapgarh News: SP delegation met Saurabh Vishwakarma's family and handed over a cheque for financial assistance of ₹2.05 lakh.
Pratapgarh News:प्रतापगढ़ के सौरभ विश्वकर्मा हत्याकांड को लेकर समाजवादी पार्टी ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए कदम बढ़ाया है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को मृतक के परिजनों से मिला और उन्हें 2 लाख 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।
सौरभ विश्वकर्मा विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र के मानापुर सिंधौरा गांव के रहने वाले थे। वह पूर्ति विभाग में संविदा पर कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे। परिजनों के मुताबिक, मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद से परिवार में मातम का माहौल है।
रामनगर टोल पर पुलिस ने रोका
पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे सपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल को प्रतापगढ़ की सीमा में प्रवेश करने से पहले मऊआइमा रामनगर टोल प्लाजा के पास पुलिस ने रोक लिया। बताया गया कि मौके पर एसडीएम और सीओ लालगंज के साथ भारी पुलिस बल मौजूद था।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल और प्रशासन के बीच बातचीत हुई। करीब दो घंटे बाद सपा नेताओं की पीड़ित परिवार से टोल प्लाजा पर ही मुलाकात कराई गई। प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और उन्हें भरोसा दिलाया कि पार्टी न्याय की लड़ाई में उनके साथ रहेगी।
सरकार से 50 लाख रुपये की मदद की मांग
सपा ने राज्य सरकार से मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है। इसके साथ ही मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी, दो बीघा जमीन, शस्त्र लाइसेंस और परिवार को सुरक्षा देने की मांग भी रखी गई।
पार्टी ने मामले में शामिल अन्य आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग भी सरकार से की है।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
सपा प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा, कौशांबी सांसद पुष्पेंद्र सरोज, रानीगंज विधायक डॉ. आरके वर्मा, पट्टी विधायक राम सिंह पटेल, पूर्व विधायक नागेंद्र सिंह मुन्ना यादव और पूर्व विधायक राजकुमार पाल सहित कई नेता शामिल रहे।
इसके अलावा जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, जिला उपाध्यक्ष मो. वासिक खान एडवोकेट, पूर्व प्रत्याशी सौरभ सिंह, पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष मनीष पाल, सांसद प्रतिनिधि बीएल वर्मा, मीडिया प्रभारी वकार अहमद, नगर अध्यक्ष निसार अहमद समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सपा नेताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पार्टी आगे भी हरसंभव सहयोग करेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग जारी रखेगी।
Read Also-UP News : पीआरडी जवानों को बड़ी सौगात, ड्यूटी भत्ता 600 रुपये और परिवार समेत 5 लाख तक मुफ्त इलाज



