adevertisment Adevertiisment banner

Makar Sankranti : मकर संक्रांति स्नान पर्व के लिए प्रयागराज तैयार, 1 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन का अनुमान

Makar Sankranti : मकर संक्रांति स्नान पर्व को लेकर प्रयागराज में व्यापक तैयारियां। 1 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन का अनुमान, 12,100 फीट घाट, 42 पार्किंग, AI निगरानी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था।

Makar Sankranti : संगम नगरी प्रयागराज में माघ मेले के दूसरे और प्रमुख स्नान पर्व मकर संक्रांति (15 जनवरी) को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पौष पूर्णिमा पर 31 लाख से अधिक श्रद्धालुओं को सकुशल स्नान कराने के बाद अब मेला प्रशासन को मकर संक्रांति पर एक करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

12,100 फीट लंबे घाट, पास में पार्किंग की सुविधा

श्रद्धालुओं को कम से कम पैदल चलना पड़े, इसके लिए संगम क्षेत्र में 12,100 फीट लंबाई में स्नान घाटों का निर्माण किया गया है। घाटों के समीप ही पार्किंग की व्यवस्था की गई है। घाटों पर चेंजिंग रूम, पूल, कॉसा, शौचालय समेत सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

भीड़ प्रबंधन के लिए मेगा प्लान, 42 पार्किंग स्थल विकसित

पिछले वर्ष माघ मेले में मकर संक्रांति पर लगभग 28.95 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया था। इस बार अनुमानित संख्या लगभग तीन गुना होने के चलते प्रशासन ने मेगा क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू किया है।

माघ मेला अधिकारी ऋषिराज के अनुसार, इस बार 42 अस्थायी पार्किंग स्थल विकसित किए गए हैं, जिनमें एक लाख से अधिक वाहन खड़े किए जा सकेंगे। सुगम आवागमन के लिए गोल्फ कार्ट और बाइक टैक्सी (रैपिडो) की व्यवस्था भी की गई है।

गंगा जल की पर्याप्त उपलब्धता, निरंतर मॉनिटरिंग

श्रद्धालुओं के स्नान के लिए गंगा में पर्याप्त जल स्तर बनाए रखने हेतु कानपुर के गंगा बैराज से प्रतिदिन 8000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। प्रयागराज में गंगा और यमुना में गिरने वाले सभी 81 नालों की टैपिंग पूरी कर ली गई है। जल गुणवत्ता की निरंतर निगरानी की जा रही है।

स्वच्छता पर विशेष जोर, 25,880 शौचालय

माघ मेले को ODF, दुर्गन्ध मुक्त और जीरो डिस्चार्ज बनाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर स्वच्छता व्यवस्था की गई है। 25880 शौचालय, 11000 डस्टबिन, 10 लाख से अधिक लाइनर बैग, 25 सक्शन मशीनें, 3300 स्वच्छता कर्मी पूरे मेला क्षेत्र में तैनात किए गए हैं।

सुरक्षा और निगरानी के लिए एआई आधारित व्यवस्था

मेला क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। माघ मेला पुलिस अधीक्षक नीरज पांडेय के अनुसार 17 थाने और 42 पुलिस चौकियां, 20 अग्निशमन स्टेशन और 7 अग्निशमन चौकियां, 8 किमी डीप वाटर बैरिकेडिंग, 2 किमी रिवर लाइन एकल दिशा मार्ग, जल पुलिस थाना व कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।

इसके अलावा, नगर और मेला क्षेत्र में 400 से अधिक CCTV और AI युक्त कैमरों के माध्यम से क्राउड मॉनिटरिंग, डेंसिटी एनालिसिस, इन्सीडेंट रिपोर्टिंग और सुरक्षा निगरानी की जा रही है। पैरा मिलिट्री फोर्स की भी तैनाती की गई है। प्रशासन का दावा है कि मकर संक्रांति स्नान पर्व श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम अनुभव वाला होगा।

Related Articles

Back to top button