Raghav Juyal Shehnaaz Gill Dating Rumours: शहनाज गिल संग डेटिंग रूमर्स पर राघव जुयाल ने तोड़ी चुप्पी, वायरल वीडियो की बताई सच्चाई
बोले- किसी भी लड़की के साथ बदसलूकी बर्दाश्त नहीं, सुरक्षा करना मेरा स्वभाव है; डेटिंग की अफवाहों पर दिया जवाब
Raghav Juyal Shehnaaz Gill Dating Rumours: अभिनेता और डांसर राघव जुयाल ने आखिरकार अभिनेत्री शहनाज गिल के साथ अपने रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं पर चुप्पी तोड़ दी है। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर दोनों की डेटिंग की अफवाहें तेज थीं। इसकी वजह एक वायरल वीडियो बना, जिसमें राघव भीड़ के बीच शहनाज का हाथ थामकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकालते नजर आए थे। अब राघव ने इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए साफ किया है कि उनका व्यवहार किसी रिश्ते की वजह से नहीं, बल्कि महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा की भावना के कारण था।
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में राघव जुयाल ने कहा कि उनके माता-पिता ने उन्हें एक जिम्मेदार इंसान के रूप में पाला है। उन्होंने कहा कि अगर उस स्थिति में शहनाज की जगह कोई दूसरी लड़की भी होती, तो वह बिल्कुल यही करते। उनके लिए किसी भी महिला की सुरक्षा सबसे पहले है।
राघव ने कहा, “मुझे मेरे माता-पिता ने इस तरह बड़ा किया है कि मैं किसी लड़की के साथ भीड़ में बदसलूकी या धक्का-मुक्की होते हुए नहीं देख सकता। अगर जरूरत पड़े तो उसकी रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि वह उन लोगों में से नहीं हैं जो ऐसी स्थिति में खड़े होकर तमाशा देखते रहें। उनके मुताबिक किसी भी महिला को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना उनका स्वभाव है और इसके लिए उन्हें अपने स्टारडम या सार्वजनिक छवि की बिल्कुल परवाह नहीं है।
वायरल वीडियो के बाद शुरू हुई थीं डेटिंग की चर्चाएं
राघव जुयाल और शहनाज गिल की डेटिंग की अफवाहें उस समय तेज हो गई थीं, जब राघव के जन्मदिन के मौके पर दोनों साथ नजर आए। वायरल वीडियो में राघव भीड़ से बचाते हुए शहनाज का हाथ पकड़कर उन्हें कार तक ले जाते दिखाई दिए। वीडियो के कुछ हिस्सों को लेकर सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे।
हालांकि, राघव के ताजा बयान से यह साफ हो गया है कि उन्होंने उस समय केवल शहनाज की सुरक्षा सुनिश्चित करने की कोशिश की थी और इसे किसी निजी रिश्ते से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
कई बड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आएंगे राघव
वर्कफ्रंट की बात करें तो राघव जुयाल हाल ही में अपनी दमदार अदाकारी को लेकर चर्चा में रहे। आने वाले समय में वह ‘भाई तेरा स्टार है’, अभिनेता नानी की फिल्म ‘पैराडाइज’ और शाहरुख खान अभिनीत फिल्म ‘किंग’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आने वाले हैं।



