Rameshwar Sharma: ‘काजी कैंप पर मिसाइल गिरा दो’ बयान पर बवाल, BJP विधायक रामेश्वर शर्मा घिरे
Rameshwar Sharma:
भोपाल के हुजूर विधानसभा क्षेत्र से BJP विधायक रामेश्वर शर्मा का एक बयान राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह ‘काजी कैंप पर मिसाइल गिरा दो’ कहते नजर आ रहे हैं। बयान सामने आते ही कांग्रेस ने इसे भोपाल के काजी कैंप इलाके से जोड़ते हुए कड़ी आपत्ति जताई और कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने विधायक के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत भी दी गई है। वीडियो में रामेश्वर शर्मा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए समर्थकों को संबोधित कर रहे थे।
विवाद बढ़ने के बाद रामेश्वर शर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि उनका इशारा भोपाल नहीं, बल्कि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के काजी कैंप की ओर था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बयान को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है।
फिलहाल इस बयान को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है और सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है।
written by Siddhi Srivastava



