रोजगार मेला 2026: पीएम मोदी ने 51 हजार युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, रेलवे में सबसे ज्यादा भर्तियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19वें रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। रेलवे में सबसे ज्यादा भर्तियां हुईं। जयपुर में अश्विनी वैष्णव और भूपेंद्र यादव ने युवाओं को संबोधित किया।
नई दिल्ली/जयपुर। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने शनिवार को आयोजित 19वें रोजगार मेले के तहत देशभर के 51 हजार से अधिक युवाओं को वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि नव नियुक्त युवा “विकसित भारत 2047” के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे और सरकारी सेवा को केवल नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का माध्यम मानें।
देशभर में 47 स्थानों पर आयोजित इस रोजगार मेले में रेलवे, इसरो, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग समेत कई केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में नियुक्तियां दी गईं। इनमें 50 प्रतिशत से अधिक नियुक्तियां भारतीय रेलवे में हुई हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि सरकार लगातार रोजगार सृजन और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पर काम कर रही है। उन्होंने “नागरिक देवो भव” का मंत्र देते हुए युवाओं से जनता की सेवा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत की वैश्विक साख तेजी से बढ़ रही है और सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन हाइड्रोजन और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में निवेश से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि देश में 23.30 लाख से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप सक्रिय हैं और टियर-2 व टियर-3 शहरों में नवाचार तेजी से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने युवाओं को iGOT कर्मयोगी जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए लगातार कौशल विकास करने की सलाह दी।
जयपुर में अश्विनी वैष्णव और भूपेंद्र यादव ने बांटे नियुक्ति पत्र
राजस्थान में उत्तर पश्चिम रेलवे के तत्वावधान में जयपुर, जोधपुर, अजमेर और बीकानेर में रोजगार मेले आयोजित किए गए। जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री Ashwini Vaishnaw और केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री Bhupender Yadav ने नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। जयपुर में 420 युवाओं को व्यक्तिगत और वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र दिए गए।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में युवाओं को समयबद्ध और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में रेलवे में 1.60 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। रेलवे भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए सिंगल रजिस्ट्रेशन, एसएमएस और ईमेल अलर्ट, CBT आधारित परीक्षा और आंसर-की जारी करने जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।
उन्होंने राजस्थान में चल रही रेलवे परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि स्टेशन पुनर्विकास, नई रेल लाइनों, डबलिंग और गेज परिवर्तन के कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद राजस्थान में 200 नई ट्रेनों के संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा।
वहीं भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने नव नियुक्त युवाओं से कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर जयपुर सांसद मंजू शर्मा और सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा भी उपस्थित रहे।


