Singrauli News-खेल, कला और व्यक्तित्व विकास का संगम बना एनसीएल का ‘आरोहण 2026’, 4700 से अधिक बच्चे ले रहे प्रशिक्षण
Singrauli News-NCL's 'Aarohan 2026' becomes a confluence of sports, art and personality development, more than 4700 children are taking training.
Singrauli News-कोल इंडिया की सिंगरौली स्थित अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) द्वारा आयोजित 21 दिवसीय समर कैंप ‘आरोहण 2026’ बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त मंच बनकर उभरा है। 21 मई से 10 जून 2026 तक चल रहे इस शिविर में एनसीएल मुख्यालय सहित विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों के 4,700 से अधिक बच्चे उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
वर्ष 2018 में शुरू हुई यह पहल समय के साथ एनसीएल की सबसे लोकप्रिय गतिविधियों में शामिल हो चुकी है। पहले संस्करण में जहां 1,200 बच्चों ने भाग लिया था, वहीं सातवें संस्करण में प्रतिभागियों की संख्या बढ़कर 4,700 से अधिक पहुंच गई है। इनमें एनसीएल कर्मियों के 2,149 बच्चे तथा आसपास के क्षेत्रों के 2,569 बच्चे शामिल हैं। यह बढ़ती भागीदारी कार्यक्रम के प्रति अभिभावकों और बच्चों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।
‘आरोहण 2026’ के तहत बच्चों को खेल, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों की 13 विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें एथलेटिक्स, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, कबड्डी, फुटबॉल, क्रिकेट, तैराकी, जूडो, कराटे, बास्केटबॉल, स्केटिंग, संगीत एवं नृत्य तथा आर्ट्स एंड क्राफ्ट्स शामिल हैं।
विशेष बात यह है कि प्रशिक्षण का संचालन एनसीएल के अनुभवी कर्मियों द्वारा किया जा रहा है, जिन्होंने पब्लिक सेक्टर और कोल इंडिया स्तर की प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके मार्गदर्शन से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के साथ प्रेरणा भी मिल रही है।
प्रतिभागियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन उन परियोजनाओं में किया जा रहा है, जहां संबंधित खेलों के लिए उत्कृष्ट अधोसंरचना और प्रशिक्षक उपलब्ध हैं। उदाहरण के तौर पर तैराकी का प्रशिक्षण जयंत की आधुनिक स्विमिंग सुविधा में तथा कबड्डी का प्रशिक्षण ककरी परियोजना में कराया जा रहा है।
एनसीएल का यह समर कैंप केवल खेल और मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण पर भी विशेष ध्यान देता है। शिविर के दौरान नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना, संवाद कौशल और सकारात्मक जीवन मूल्यों के विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है।
आरोहण के प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। नेपाल में आयोजित 12वीं माउंट एवरेस्ट अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप-2026 में प्रतिभागियों ने 2 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक सहित कई सम्मान हासिल किए। इसके अलावा कबड्डी में 50 से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। बैडमिंटन में 6 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर सफलता प्राप्त की है, जबकि 61वीं मध्य प्रदेश एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2025 में खिलाड़ियों ने 5 स्वर्ण, 4 रजत और 11 कांस्य सहित कुल 20 पदक जीतकर एनसीएल का नाम रोशन किया।
एनसीएल का ‘आरोहण’ बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में एक प्रभावी और प्रेरणादायक पहल साबित हो रहा है।
Read Also-Sonbhadra News-जनता की समस्याओं को सुनें और उन्हें उचित मंच तक पहुँचाएं- अभिषेक चौबे



