मऊ। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष और सपा नेता सुशील सिंह का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
मऊ। घोसी स्थित सर्वोदय पीजी कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष और समाजवादी पार्टी के निष्ठावान नेता सुशील सिंह का आज लखनऊ के लोहिया अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। विगत दिनों एक सड़क दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके निधन की खबर मिलते ही जनपद मऊ और सगड़ी विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

मूल रूप से छपरा के निवासी सुशील सिंह ने सर्वोदय पीजी कॉलेज, घोसी में तीन वर्षों तक छात्र राजनीति का नेतृत्व किया। अपने मिलनसार स्वभाव और छात्रों के हितों के लिए संघर्ष करने के कारण वे कॉलेज परिसर में अत्यंत लोकप्रिय थे। उनके सहपाठियों और मित्रों ने उन्हें एक ऐसे साथी के रूप में याद किया जो हर सुख-दुख में साथ खड़ा रहता था।
25 वर्षों का राजनीतिक सफर
सुशील सिंह पिछले 25 वर्षों से लगातार समाजवादी पार्टी की सेवा कर रहे थे। वर्तमान में वे सगड़ी विधानसभा के समाजवादी पार्टी के उपाध्यक्ष के रूप में सक्रिय थे। उनकी निष्ठा और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से जुड़ाव के कारण वे पार्टी के एक मजबूत स्तंभ माने जाते थे।
स्तब्ध हैं मित्र और परिजन
उनके अभिन्न मित्रों एडवोकेट सतीश कुमार पाण्डेय ने भावुक होते हुए कहा कि विश्वास करना कठिन है कि सुशील अब हमारे बीच नहीं रहे। साथ पढ़ना, साथ रहना और दशकों की दोस्ती का यह सफर इस तरह अचानक खत्म हो जाएगा, यह किसी ने सोचा न था। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और स्थानीय नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
Also Read: Jabalpur Cruise Accident: जबलपुर में सैर बनी काल! बरगी डैम में क्रूज़ हादसा, 9 मौतें, कई अब भी लापता
‘ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।’
जिला संवाददाता- एक संदेश मऊ



