adevertisment Adevertiisment banner

UP GIS 2023 : मुकेश अंबानी यूपी में 75 हजार करोड़ निवेश करेंगे, एक लाख लोगों को देंगे रोजगार

लखनऊ : रिलायंस समूह के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (UP Global Investors Summit 2023) में बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि हम यूपी में 75 हजार करोड़ का निवेश करेंगे. अगले चार वर्षों में यूपी में जियो रिटेल और नवीकरणीय व्यवसायों में 75 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा. इससे उत्तर प्रदेश में एक लाख से अधिक नौकरी दी जाएंगी. लखनऊ में आयोजित “यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट” में बोलते हुए मुकेश अंबानी ने दावा किया कि 5 वर्षों के भीतर ही उत्तर प्रदेश 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा. रिलायंस उत्तर प्रदेश में 10 GW की रिन्यूबल एनर्जी क्षमता को स्थापित करेगा. यह उत्तर प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी अक्षय ऊर्जा परियोजना होगी. कंपनी ने यूपी में बायो-गैस एनर्जी बिजनेस में उतरने की घोषणा भी की. इस पर मुकेश अंबानी ने कहा कि बायो-गैस से पर्यावरण में सुधार तो होगा ही किसानों को भी बड़ा लाभ होगा. *“हमारे किसान अन्न दाता तो हैं ही, अब ऊर्जा दाता भी बनेंगे.
राज्य के गांवों और छोटे शहरों में किफायती शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के लिए रिलायंस ने जियो प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से दो पायलट प्रोजेक्ट्स जियो-स्कूल और जियो-एआई-डॉक्टर की भी घोषणा की. इसके साथ ही यूपी के कृषि और गैर-कृषि उत्पादों की सोर्सिंग को कई गुना बढ़ाने का इरादा भी मुकेश अंबानी ने जताया. इससे किसानों, स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों और छोटे व मझौले उद्योगों को फायदा मिलेगा. मुकेश अंबानी ने 2023 के अंत तक यूपी के सभी शहरों में 5जी रोलआउट करने की बात भी कही.
मुकेश अंबानी ने कहा कि “नए भारत के लिए उत्तर प्रदेश आशा का केंद्र बन गया है. नोएडा से गोरखपुर तक, लोगों में जोश और उत्साह दिख रहा है. हम सब साथ मिलकर भारत के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य को भारत के सबसे समृद्ध राज्यों में से एक में बदल देंगे. यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट विकास का महाकुंभ है. लखनऊ पुण्यनगरी है, लक्ष्मण की नगरी है. यूपी पुण्यभूमि है, भगवान रामचंद्र की भूमि है. गंगा-यमुना-सरस्वती के संगम की भूमि है. अंबानी ने पीएम मोदी को संबोधित करते हुए कहा कि जब से आप पीएम बने हैं, देश ने बहुत विकास किया है.

शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिमोट के जरिए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का शुभारंभ किया. इसके बाद वहां एक छोटी सी फिल्म भी दिखाई गई. इन्वेस्टर्स समिट की शुरुआत में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी ने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में एक ट्रिलियन इकोनॉमी बनने के मार्ग पर ठोस कदमों के साथ आगे बढ़ रहा है. प्रत्येक निवेशक के संकल्प से सिद्धि और सिद्धि से समृद्धि की यात्रा में सहभागी बनने के लिए आभार व्यक्त करता हूं.

Related Articles

Back to top button